रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में की कार्रवाई की मांग

C

CG Khabar

05 जन. 2025, 12:58 PM 2 मिनट में पढ़ें 5

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में की कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली: प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने बीजापुर के युवा स्वतंत्र पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या की जांच एक तय सीमा में करने की मांग की है.


प्रेस क्लब ने अपना वक्तव्य जारी करते हुए कहा है कि बीजापुर के युवा स्वतंत्र पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या एक स्तब्ध करने वाली खबर है. हम हत्या की कड़ी निंदा करते हैं और अपराधियों के खिलाफ निश्चित समय सीमा में कार्रवाई की मांग करते हैं.

विज्ञापन

प्रेस क्लब ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया से अनुरोध किया है कि मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को उचित कार्रवाई के लिए कहे.

जारी बयान में कहा गया है कि इस दुख और क्षति की घड़ी में, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया पत्रकार के पारिवारिक सदस्यों और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है.

चंद्राकर ने बस्तर जंक्शन नामक एक लोकप्रिय यूट्यूब चैनल चलाया, इसके अलावा उन्होंने संघर्ष प्रभावित बस्तर में भ्रष्टाचार, आदिवासी अधिकारों और उग्रवादी हिंसा के मुद्दों पर विभिन्न मीडिया घरानों के लिए लेखन और रिपोर्टिंग भी की.

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से रिपोर्टिंग करने को जोखिम भरा बताते हुए प्रेस क्लब ने कहा है कि यहां पर पत्रकारों पर हमले और उनकी हत्या कोई नई बात नहीं है, लेकिन जिस तरह से इस तरह की घटना को अंजाम दिया जा रहा है, वह किसी भी नजरिये से सही नहीं है और इसका प्रभावी ढंग से समाधान किया जाना चाहिए.

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने कहा है कि स्थानीय पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून बनाने की मांग पर राज्य सरकार को इस पर तुरंत गंभीरता के साथ ध्यान देना चाहिए.

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया अगले सप्ताह की शुरुआत में क्लब के परिसर में शोक सभा और विरोध सभा आयोजित करने की योजना बना रहा है. इस सभा में पत्रकारों, खासकर उन पत्रकारों से अनुरोध किया गया है कि वे इसमें शामिल हों जो इस क्षेत्र को कवर कर रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP