ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए पाकिस्तान मेजबानी को तैयार
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए "सार्थक और निर्णायक बातचीत" की मेजबानी करने की आधिकारिक पेशकश की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के माध्यम से शरीफ ने कहा कि यदि अमेरिका और ईरान सहमत होते हैं, तो पाकिस्तान इस व्यापक समाधान के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाने और वार्ता की मेजबानी करने के लिए तैयार है.
Pakistan welcomes and fully supports ongoing efforts to pursue dialogue to end the WAR in Middle East, in the interest of peace and stability in region and beyond. Subject to concurrence by the US and Iran, Pakistan stands ready and honoured to be the host to facilitate…
यह घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने तेहरान के साथ जारी बातचीत का संकेत दिया था और ईरानी बिजली संयंत्रों पर संभावित हमलों को पांच दिनों के लिए टालने की घोषणा की थी.
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने इस मामले पर मीडिया को अटकलों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि कूटनीति में गोपनीयता आवश्यक है और उचित समय पर आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान, मिस्र, सऊदी अरब और तुर्की के साथ मिलकर इस कूटनीतिक पहल को आगे बढ़ा रहा है.
हालांकि, ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर कालीबाफ ने इन वार्ताओं की खबरों को "फेक न्यूज" करार दिया है.
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद से क्षेत्र में तनाव चरम पर है, जिसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों के ऊर्जा बुनियादी ढांचे और होर्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावित किया है.
इस बीच, पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की डोनाल्ड ट्रम्प से और पीएम शरीफ की ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशक्यान से हुई हालिया बातचीत को शांति की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है.