नेपाल की अंतरिम पीएम सुशीला कार्की को पीएम मोदी ने दी बधाई
नई दिल्ली । डेस्क: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम सरकार की नवनियुक्त प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को बधाई दी है. शुक्रवार को शपथ ग्रहण करने वाली सुशीला कार्की, जो नेपाल की सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकी हैं, को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर शांति और समृद्धि का संदेश दिया. उन्होंने भारत और नेपाल के बीच घनिष्ठ द्विपक्षीय संबंधों पर भी जोर दिया.
मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के लिए माननीया सुशीला कार्की को मेरी हार्दिक बधाई. भारत नेपाल के लोगों की शांति, समृद्धि और प्रगति के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है."
इससे पहले, शुक्रवार को भारत के विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान जारी कर कार्की का स्वागत किया था. विदेश मंत्रालय ने कहा, "नजदीकी पड़ोसी, लोकतंत्र के सहयोगी और दीर्घकालिक विकास के साझेदार के रूप में, भारत दोनों देशों के लोगों के कल्याण और समृद्धि के लिए नेपाल के साथ मिलकर काम करेगा."
सुशीला कार्की ने शुक्रवार को नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के समक्ष अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. 72 वर्षीय कार्की, जो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की पूर्व छात्रा हैं, अगले छह महीनों तक नेपाल की सरकार का नेतृत्व करेंगी. नेपाल में अगला आम चुनाव 5 मार्च 2026 को होना तय है.
नेपाल में हाल ही में तीव्र जन आंदोलन के बाद पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली को इस्तीफा देना पड़ा था. इसके बाद सत्ता अस्थायी रूप से सेना के हाथों में चली गई थी. आंदोलनकारी युवाओं और छात्रों ने शुरू में कार्की को ही प्रधानमंत्री के रूप में चुना था.
हालांकि, कार्की ने इस पद को स्वीकार करने के लिए कम से कम एक हजार हस्ताक्षरों की मांग की थी, जिसके जवाब में 2500 से अधिक हस्ताक्षर जुटाए गए.
कुछ आंदोलनकारियों ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियर कुल मान घिसिंग और काठमांडू के मेयर व रैपर बलेंद्र शाह के नाम भी प्रस्तावित किए थे, जिससे शपथ ग्रहण में कुछ अनिश्चितता पैदा हुई थी.
लेकिन, सभी अटकलों को दरकिनार करते हुए सुशीला कार्की ने शुक्रवार को शपथ ले ली.