ऑनलाइन गेम से रोकने पर तीन बहन 10वीं मंज़िल से कूदी, तीनों की मौत
गाजियाबाद । डेस्क: ऑनलाइन गेम खेलने से मना किए जाने के बाद तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ बहुमंजिला इमारत की 10वीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या कर ली. यह हृदयविदारक घटना मंगलवार देर रात करीब 2 बजे गाजियाबाद के लोनी इलाके में सामने आई. मृतक बहनों की उम्र 12, 14 और 16 वर्ष बताई जा रही है. मौके पर ही तीनों की मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें लंबे समय से ऑनलाइन गेम की आदी थीं. कोरोना महामारी के दौरान मोबाइल पर गेम खेलने की आदत लगी, जो समय के साथ गंभीर लत में बदल गई. बताया जा रहा है कि वे कई बार स्कूल न जाकर भी मोबाइल पर गेम खेलती थीं. इसको लेकर घर में अक्सर माता-पिता से विवाद होता रहता था.
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार रात भी ऑनलाइन गेम खेलने को लेकर घर में कहासुनी हुई थी. माता-पिता ने तीनों को गेम खेलने से मना किया, जिससे नाराज़ होकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया. सूचना मिलते ही टीलामोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. परिवार के सदस्यों और सोसायटी के अन्य निवासियों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.