मुंबई में CJP का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
मुंबई । डेस्क: मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क के बाहर शुक्रवार (2 अक्टूबर 2026) को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में हजारों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस की अनुमति न मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा थामे दादर स्थित पार्क के मुख्य गेट के बाहर डटे रहे और मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान माहौल देशभक्ति के गीतों और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ जैसे नारों से गूंज उठा. सीजेपी के प्रमुख संयोजकों अभिजीत चिपके, आशुतोष रंका, सौरभ दास और कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया.
सीजेपी की प्रमुख मांगों में एसआईआर प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाना, जनवरी 2025 की मतदाता सूची को बहाल करना, मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए एक नई एवं पारदर्शी प्रणाली स्थापित करना शामिल है.
इस जनप्रदर्शन को कई प्रमुख हस्तियों का समर्थन मिला. अभिनेत्री शबाना आजमी, गायक विशाल ददलानी, कॉमेडियन राजीव निगम और एनसीपी नेता अनीश गवानड़े भी इसमें शामिल हुए.
शबाना आजमी ने कहा कि जब वोट देने का संवैधानिक अधिकार छीना जा रहा हो, तो विरोध करना ही एकमात्र रास्ता बचता है. वहीं, एनसीपी नेता अनीश गवानड़े ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के कारण हाशिए पर मौजूद वर्गों, बाढ़ से प्रभावित लोगों और किन्नर समुदाय के कई नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन स्थल पर लगभग 4,000 से 5,000 लोग मौजूद थे, जिनकी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 800 पुलिसकर्मियों और दंगा नियंत्रण पुलिस इकाइयों को तैनात किया गया था.