ED-CBI-IT के दुरुपयोग से PM ने देश में फैलाया 'असली जंगल राज': राहुल
ED-CBI-IT के दुरुपयोग से PM ने देश में फैलाया 'असली जंगल राज': राहुल गांधी
पटना । डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एनडीए के 'जंगल राज' के आरोपों का पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर (आईटी) विभाग का दुरुपयोग करके दिल्ली से पूरे देश में 'असली जंगल राज' फैला दिया है.
अररिया में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी "सिर्फ नफरत फैलाना जानते हैं" और उनका "दिल नफरत से भरा है".
वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी चुनाव आयोग और भाजपा-जदयू गठबंधन पर गंभीर आरोप लगाए. रीगा और बेनिपट्टी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग "चुनाव में धांधली करने, वोट छीनने और संविधान पर हमला करने के लिए साठगांठ" कर रहे हैं.
प्रियंका गांधी ने लोगों से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह सिंधु और विवेक जोशी के नाम याद रखने को कहा, और उन पर "लोगों के वोट चुराने" का आरोप लगाया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी चुनाव से पहले ₹10,000 देकर वोट खरीदना चाहते हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी जो समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करेगी और युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगी. उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की ताकि भाजपा हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह बिहार में "चुनाव न चुरा सके".
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने 'वोट चोरी' के ऐसे सबूत पेश किए हैं, जिसका जवाब न तो भाजपा और न ही चुनाव आयोग दे सका है.
प्रियंका गांधी ने भाजपा-जदयू पर बिहार को "बेरोजगारी, पलायन, पेपर लीक और गुंडागर्दी के दलदल" में धकेलने का आरोप लगाया. दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल के नेता और इंडिया ब्लॉक के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने दूसरे चरण के मतदान वाली 18 विधानसभा सीटों पर जनसभाएं कीं.