बेटे की हत्या का शक: रायपुर में पिता ने साथी संग युवक का गला घोंटा, मैनहोल में फेंका शव
बेटे की मौत का बदला लेने की आग में जल रहे एक पिता ने अपने साथी के साथ मिलकर 27 वर्षीय युवक को शराब पिलाई और गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया. सबूत मिटाने के लिए शव को मैनहोल में फेंक दिया और कपड़े जला दिए, लेकिन तेलीबांधा पुलिस की जांच में दोनों आरोपी पकड़े गए.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने बेटे की मौत का बदला लेने की नीयत से एक पिता ने अपने साथी के साथ मिलकर 27 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. मुख्य आरोपी को शक था कि करीब एक दशक पहले हुई उसके बेटे की हत्या में इस युवक का हाथ था.
इसी रंजिश में दोनों आरोपियों ने युवक को कमल विहार के सेक्टर-13 में बुलाया, उसे शराब पिलाई और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक मैनहोल में फेंक दिया, सबूत मिटाने के लिए मृतक के कपड़े जला दिए और उसका स्कूटर बाकल नदी के पास छिपा दिया. तेलीबांधा पुलिस ने गुमशुदगी की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसका बेटा 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे से लापता है. पुलिस ने मामले में गुमशुदगी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे मिले सुरागों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची.
सख्ती से की गई पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि करीब 10 साल पहले उसके बेटे की हत्या हुई थी और उसे संदेह था कि इस वारदात में मृतक भी शामिल था. इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मैनहोल से युवक का शव, जले हुए कपड़े और बाकल नदी के पास छिपाया गया स्कूटर बरामद कर लिया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों में से एक तेलीबांधा थाने का निगरानीशुदा बदमाश है. फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.