ओडिशा: बकरी चोरी के शक में किशोर की पीट-पीटकर हत्या, 12 गिरफ्तार
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के मयूरभंज जिले से भीड़ द्वारा लिंचिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक 15 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस हिंसक हमले में एक अन्य लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया है, जो फिलहाल अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है.
पुलिस ने मंगलवार (3 मार्च, 2026) को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना मयूरभंज के इंदुकुडी गांव की है, जहां पिछले कुछ समय से बकरियों के गायब होने से ग्रामीण बेहद आक्रोशित थे.
पुलिस के अनुसार, जब पड़ोसी गांव भुतकाबाडी के दो लड़के मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहे थे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और उन पर चोरी का आरोप लगाया.
ग्रामीणों ने पहले दोनों लड़कों को बांधा और फिर एक बैठक बुलाई, जिसमें उन्हें 'दोषी' घोषित कर दिया गया. इसके बाद भीड़ ने बेरहमी से डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी.
सूचना मिलने पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बचाया, तब तक दोनों की स्थिति अत्यंत नाजुक हो चुकी थी. इलाज के दौरान एक किशोर ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है.