शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

मल्टीविटामिन टैबलेट से हो सकता है लिवर को नुकसान

C

CG Khabar

12 अग. 2025, 11:48 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

मल्टीविटामिन टैबलेट
मल्टीविटामिन टैबलेट

नई दिल्ली । डेस्क: कार्बोहाइड्रेट, स्वस्थ वसा, और प्रोटीन के साथ-साथ शरीर को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन भी ज़रूरी हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना डॉक्टर की सलाह के रोज़ाना मल्टीविटामिन टैबलेट खाना आपके लिवर के लिए खतरनाक हो सकता है?


आजकल की खराब खान-पान की आदतों के कारण विटामिन और खनिजों की कमी को पूरा करने के लिए लोग मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स का सहारा ले रहे हैं. लेकिन बिना उचित जानकारी और अधिक मात्रा में इनका सेवन लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.


विटामिन A, D, E, और K वसा में घुलनशील (फैट-सॉल्यूबल) विटामिन हैं. यदि इनकी मात्रा शरीर में ज़्यादा हो जाती है, तो ये लिवर में जमा होने लगते हैं. लगातार अधिक मात्रा में विटामिन A या D का सेवन करने से लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है और विषाक्तता (टॉक्सिसिटी) की स्थिति बन सकती है. इससे लिवर का आकार बढ़ सकता है, सूजन हो सकती है, और यहां तक कि सिरोसिस या अन्य जटिल बीमारियां भी हो सकती हैं.


विटामिन B3 (नियासिन) जैसे कुछ विटामिन कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद करते हैं, लेकिन अधिक मात्रा में लेने से लिवर पर दबाव पड़ सकता है. भले ही यह पानी में घुलनशील विटामिन हो, लेकिन इसकी अधिकता लिवर के एंजाइम्स के स्तर को बढ़ा सकती है, जिससे लिवर की कई बीमारियां हो सकती हैं.


लिवर को होने वाले संभावित नुकसान


पाचन प्रक्रिया में कमजोरी: भोजन ठीक से पच नहीं पाता, जिससे एसिडिटी और अपच की समस्या बढ़ सकती है.


पेट में दर्द: पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में दर्द, पेट फूलना, या खाने के बाद भारीपन की शिकायत हो सकती है.


विषाक्तता का खतरा: विटामिन A और आयरन की अधिक मात्रा वाले सप्लीमेंट्स से लिवर में विषाक्तता हो सकती है, जिससे बिलिरुबिन बढ़ने के कारण पीलिया (जॉन्डिस) जैसे लक्षण दिख सकते हैं.


आंतरिक रक्तस्राव: नाक से खून बहना, मसूड़ों से रक्तस्राव जैसी समस्याएं हो सकती हैं.


डॉक्टरों का कहना है कि रोज़मर्रा के खान-पान से ही विटामिन और खनिजों की ज़रूरत पूरी हो सकती है. यदि आपको थकान, सिरदर्द, या चक्कर जैसी समस्याएं हैं, तो बिना डॉक्टर की सलाह के मल्टीविटामिन टैबलेट लेना शुरू न करें. अपने शरीर की ज़रूरतों को समझने के लिए डॉक्टर से सलाह लें और उचित खुराक का पालन करें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP