कोलकाता: 7 लाख के इनामी वरिष्ठ माओवादी नेता मंगल और मालती ने किया आत्मसमर्पण
माओवादी हिंसा को बड़ा झटका: 7 लाख रुपये के इनामी वरिष्ठ माओवादी नेता मंगल और मालती ने कोलकाता पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण किया. लालबाजार में वरिष्ठ अधिकारियों के सामने हथियार डालते हुए दोनों ने कहा कि हिंसा से सिर्फ तबाही मिलती है, इसलिए वे समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं.
कोलकाता । डेस्क: कोलकाता में दो वरिष्ठ माओवादी नेताओं, मंगल और मालती ने हथियार बंद संघर्ष का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है.
शुक्रवार को दोनों नेताओं ने कोलकाता पुलिस मुख्यालय 'लालबाजार' पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, माओवादी नेता मंगल पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि मालती पर झारखंड पुलिस की ओर से 2 लाख रुपये का इनाम रखा गया था.
आत्मसमर्पण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंगल ने कहा कि हिंसा और हथियार उठाने से समाज का कोई भला नहीं हो सकता. इससे केवल तबाही और रक्तपात ही हासिल होता है. इसी सच्चाई को समझते हुए उन्होंने हिंसा का मार्ग त्याग कर सामान्य जीवन जीने का निर्णय लिया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों नेताओं पर पश्चिम बंगाल और पड़ोसी राज्यों के विभिन्न थानों में देशविरोधी तथा आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं. मंगल पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबोनी थाने में दर्ज कई मामलों में नामजद है और जंगलमहल इलाके में हुए माओवादी हमलों में उसकी संलिप्तता रही है.
कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय नंद ने बताया कि दोनों के खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, झारखंड पुलिस की एक विशेष टीम भी पूछताछ के लिए कोलकाता आ सकती है.
इसके साथ ही, राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत दोनों को समाज में पुनस्थापित करने के उपायों पर भी विचार किया जा रहा है. आत्मसमर्पण के दौरान दोनों नेताओं के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है.