JSSC-CGL परीक्षा रद्द: सुधार के लिए समिति गठित
रांची । डेस्क: झारखंड सरकार ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग-कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (JSSC-CGL) परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस वार्ता में इस निर्णय की जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि परीक्षा में हुई अनियमितताओं की जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिन्हें फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया जा सकता.
मुख्यमंत्री ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक परीक्षा सुधार समिति के गठन की भी घोषणा की.
हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं, उनके परिणामों, चयनित अभ्यर्थियों की सूचियों और एजेंसी द्वारा संचालित अन्य गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है.
सरकार के इस सख्त कदम का उद्देश्य भविष्य में राज्य की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और युवाओं के भविष्य की रक्षा करना है.