दिवाली से पहले व्यापारियों को राहत, UPI पर MDR फिलहाल टला
नई दिल्ली । डेस्क: त्यौहारों के इस सीजन में UPI के जरिए लेनदेन करने वाले ग्राहकों और दुकानदारों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर आई है. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने 2,000 रुपये से अधिक के पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) यूपीआई ट्रांजैक्शन पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगाने के अपने फैसले को फिलहाल टाल दिया है.
NPCI के पिछले सर्कुलर के अनुसार, यह नया शुल्क 15 अक्टूबर से लागू होना था.
हालांकि, मंगलवार को जारी नए बयान में NPCI ने स्पष्ट किया है कि दिवाली के त्यौहारी माहौल को देखते हुए इस शुल्क को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है.
अब इसे दिवाली के बाद लागू किया जाएगा और इसकी नई तारीख का ऐलान अलग से किया जाएगा. आपको बता दें कि यह शुल्क केवल व्यापारियों को देना होगा, आम उपभोक्ताओं पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा और किसी भी बड़े भुगतान पर इसकी अधिकतम सीमा 300 रुपये तय की गई है.