Android फोन से भूकंप की चेतावनी
नई दिल्ली । डेस्क: यदि आप भूकंप संभावित क्षेत्र में रहते हैं और आपके पास Android फोन है, तो यह आपकी जान बचा सकता है. Google का Android Earthquake Alert (AEA) सिस्टम, जो 2020 में अमरीका में शुरू हुआ, अब दुनियाभर में फैल चुका है.
यह तकनीक भूकंप की तरंगों को पहले ही भांपकर आपको चेतावनी देती है, जिससे आप सुरक्षित कदम उठा सकते हैं.
साइंस जर्नल में छपी एक स्टडी के अनुसार, यह सिस्टम आपके फोन के सेंसर का इस्तेमाल करता है. Android फोन भूकंप की P और S तरंगों को पकड़ता है और तुरंत Google सर्वर को सूचना भेजता है.
वहां डेटा का विश्लेषण कर भूकंप के केंद्र और तीव्रता का पता लगाया जाता है. अगर भूकंप की पुष्टि होती है, तो अलर्ट भेजा जाता है. मोबाइल नेटवर्क की तेजी के कारण यह चेतावनी भूकंप शुरू होने से पहले ही कई लोगों तक पहुंच जाती है.
2021 से 2024 तक, इस सिस्टम ने 98 देशों में लाखों लोगों को अलर्ट भेजे. उदाहरण के लिये, 6 फरवरी 2023 को तुर्की-सीरिया में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप से पहले 5 लाख से ज्यादा लोगों को चेतावनी मिली.
सर्वे में पता चला कि 85% उपयोगकर्ताओं ने अलर्ट के बाद भूकंप महसूस किया. इनमें 36% को चेतावनी भूकंप से पहले, 28% को दौरान और 23% को बाद में मिली.
हालांकि यह सिस्टम कारगर है, लेकिन इसमें कुछ कमियां भी हैं. 2023 के तुर्की-सीरिया भूकंप में यह तीव्रता को सही नहीं माप सका, जिससे कई लोगों को समय पर अलर्ट नहीं मिला.
Google ने इसके बाद अपने एल्गोरिदम को बेहतर किया, जिससे अब एक करोड़ लोगों तक समय पर चेतावनी पहुंच सकती है.