कलारचना

‘साइबर स्पेस’ में छा गये हैं, राजकपूर

नई दिल्ली | मनोरंजन डेस्क: अपने जन्मदिन पर गूगल के डूडल के माध्यम से ‘साइबर स्पेस’ में छा गये हैं राजकपूर. हिन्दी सिनेमा के दर्शकों के दिलों में ‘राज’ करने वाले राज कपूर को गूगल की यह सलामी निराली है. दुनिया के सबसे बड़े तथा सबसे ज्यादा उपयोग में लाये जाने वाले सर्च इंजन गूगल, आज बिना सर्च किये ही राज कपूर के सारे ‘राज’ खोले दे रहा है. हिन्दी सिनेजगत के लोकप्रिय अभिनेता, फिल्म निर्माता-निर्देशक राज कपूर का आज 90वां जन्मदिन है. इस खास मौके पर गूगल ने अपने चिर-परिचित अंदाज ‘डूडल’ से उन्हें श्रद्धांजलि दी है. डूडल पर राज कपूर की फिल्म ‘श्री 420’ के दृश्य को उकेरा गया है. इसके बैकग्राउंड में राज कपूर और अभिनेत्री नरगिस की इस फिल्म के चर्चित गाने ‘प्यार हुआ इकरार हुआ..’ की एक तस्वीर भी है. इस पर क्लिक करते ही राज कपूर से जुड़ी सारी जानकारियां सामने आती हैं.

14 दिसंबर, 1924 को जन्मे राज कपूर का निधन 2 जून 1988 को 63 साल की उम्र में हुआ. दादा साहेब फाल्के पुरस्कार लेने गए राज कपूर समारोह में ही बेहोश हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए एम्स ले जाया गया था. एक महीने बाद उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया.

राज कपूर को बॉलीवुड में अपनी मशहूर फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’, ‘श्री 420’, ‘जिस देश में गंगा बहती है’ और ‘आवारा’ के जरिए दिए गए उनके अनुपम योगदान के लिए जाना जाता है. इसी योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

राज कपूर को 1983 में फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ निर्देशक पुरस्कार फिल्म ‘प्रेम रोग’,1970 में फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ निर्देशक पुरस्कार फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’, 1965 में फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ निर्देशक पुरस्कार ‘संगम’, 1962 में फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार ‘जिस देश में गंगा बहती है’ और 1960 में फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार ‘अनाड़ी’ से नवाजा गया था. गूगल के डूडल को उनके चाहनेवाले उनके मरनोपरांत सम्मान के रूप में देख रहें हैं.

error: Content is protected !!