वनमंत्री के गृहक्षेत्र में प्रस्तावित चिड़ियाघर का विरोध
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में प्रस्तावित चिड़ियाघर का किसानों ने किया विरोध
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जल संसाधन एवं वन मंत्री केदार कश्यप के गृह क्षेत्र भानपुरी इलाके में वन विभाग द्वारा प्रस्तावित चिड़ियाघर (अभयारण्य) का इस क्षेत्र के रहने वाले सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध किया है.
ग्रामीणों का कहना है कि सन 1980 में सालेमेटा में बने कोसारटेडा बांध के चलते उन्हें उनके जमीन से बेदखल कर दूसरी जगह विस्थापित किया गया था.
अब चिड़िया घर बनाने के नाम पर उस जमीन से भी बेदखल करने की योजना सरकार बना रही है.
किसानों का कहना है कि चिड़ियाघर के बनाए जाने से उनकी खेती-बाड़ी की जमीन छीन ली जाएगी, जिसे खुद सरकार ने विस्थापन के दौरान दिया था.
सरकार ने उन्हें वन अधिकार पट्टा भी दिया है.
ऐसे में सभी ग्रामीणों ने तुरंत सर्वे का कार्य रुकवा कर अभयारण्य के लिए दूसरी जगह देखे जाने की मांग बस्तर कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर की है.प्रोजेक्ट को निरस्त करने की मांग
इन प्रभावित किसानों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप का कहना है कि भानपुरी वन परिक्षेत्र के सालेमेटा खड़गा, छुरावण्ड, जामगांव और कमेला पंचायत के निवासियों की कृषि भूमि कोसारटेडा बांध के डुबान क्षेत्र में आने से क़रीब 940 परिवारों को विस्थापित किया गया था.
अब इन ग्रामीणों के द्वारा वन अधिकार पट्टा के तहत दिए गए पट्टा में खेती किसानी की जा रही है और खेती-किसानी ही उनकी जीविका का मुख्य स्रोत है.
पर्यटन स्थल के रूप में चिड़ियाघर बनाने के लिए करीब 350 हेक्टेयर में सर्वे का काम किया जा रहा है.
जहां सर्वे किया जा रहा है, उस जमीन पर किसान पिछले 45 सालों से खेती-किसानी कर रहे हैं.
अब इस जमीन से भी ग्रामीणों को बेदखल करने की तैयारी हो रही है. उन्हें जमीन के बदले रोजगार देने का प्रलोभन दिया जा रहा है.
चंदन कश्यप ने कहा कि आदिवासियों के ऐसे सैकड़ों परिवार हैं जो चिड़ियाघर बनाए जाने से अपने जमीन से बेदखल हो जाएंगे.
हम तत्काल इस प्रोजेक्ट को निरस्त करने की मांग करते हैं.
चिड़ियाघर से 5 गांव के ग्रामीण होंगे प्रभावितप्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि चिड़ियाघर बनाने के लिए बस्तर में और भी जगह हैं.
लेकिन भानपुरी क्षेत्र के इन्हीं इलाकों को जिसमें 5 गांव आते हैं, उसी को चुना गया है.
यहां के अधिकांश लोग कोसारटेडा बांध डुबान क्षेत्र से प्रभावित होकर विस्थापन की जमीन पर रह रहे हैं और खेती-बाड़ी कर रहे हैं.
अब चिड़ियाघर बनाने के नाम पर फिर से उनका विस्थापन कर सरकार उनके साथ अन्याय कर रही है.
ऐसे में प्रभावित ग्रामीणों ने उस जगह पर प्रस्तावित चिड़िया घर के निर्माण को निरस्त करने की मांग की है.
मामले की जांच करेगा जिला प्रशासन
ज्ञापन सौंपने पहुँचे प्रभावित ग्रामीणों से अपर कलेक्टर सी.पी बघेल ने बात की. सी.पी बघेल ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है.
वन विभाग द्वारा किस क्षेत्र में चिड़ियाघर बनाया जाना है, इसकी पूरी जानकारी ली जा रही है.
फिलहाल राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन को ले लिया गया है.
कोसारटेडा को पर्यटन स्थल के रूप में किया जा रहा विकसित
गौरतलब है कि बस्तर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए अलग-अलग इलाकों में सरकारी रिसॉर्ट बनाने के साथ होम स्टे भी बनाए जा रहे हैं.
वहीं भानपुरी के कोसारटेडा बांध में पहले से ही रिसॉर्ट और पार्क बनाने का काम चल रहा है.
इसी इलाके से लगे वन क्षेत्र में चिड़ियाघर बनाने की भी योजना सरकार बना रही है और इसके लिए सर्वे का काम किया जा रहा है.