युवाओं को रील्स नहीं रोजगार चाहिए: कांग्रेस
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र सरकार की आर्थिक और रोजगार नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार की "गलत" नीतियों ने पूरे देश के जॉब मार्केट को गहरे संकट में धकेल दिया है. पार्टी ने कहा कि केवल सोशल मीडिया पर रील्स बनाने से युवाओं को खुश नहीं किया जा सकता, क्योंकि देश के युवाओं को वास्तविक नौकरियों की जरूरत है.
कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक मीडिया रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए केंद्र सरकार पर हेडलाइन मैनेजमेंट और ध्यान भटकाने की राजनीति करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि सरकार समाधान ढूंढने के बजाय रोजगार संकट से ध्यान हटा रही है.
रिपोर्ट का हवाला देते हुए जयराम रमेश ने दावा किया कि देश की बड़ी सूचीबद्ध कंपनियों में नई भर्तियों की गति धीमी हो गई है. सेंसेक्स-30 की 11 प्रमुख कंपनियों में वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 2025-26 के दौरान कुल नई भर्तियों में 27 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है.
जयराम रमेश ने हिंदी में पोस्ट करते हुए लिखा कि बड़ी कंपनियों की यह स्थिति तो केवल एक संकेत है, जबकि एमएसएमई (MSME) क्षेत्र की हालत और भी चिंताजनक है जो सरकार की नीतियों का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगत रहा है. उन्होंने कहा कि देश का युवा समझदार है और वह रील्स की बजाय नौकरियों की मांग कर रहा है.