भिलाई में 7 लाख के गांजे के साथ गुजरात का युवक गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई में रेलवे स्टेशन के समीप स्टोर पारा क्षेत्र में स्थित ब्रिज के नीचे पुलिस ने घेराबंदी कर गुजरात निवासी एक युवक को दबोचा, जिसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है. आरपीएफ की मुस्तैदी के कारण लगभग 13.500 किलो मादक पदार्थ को बाजार में खपाने से पहले ही जब्त कर लिया गया.
घटना 27 मार्च की है, जब आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन के पास पुल के नीचे किसी का इंतजार कर रहा है.
त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर दबिश दी और राजकोट निवासी 21 वर्षीय हाडा वनराज साबजी भाई को हिरासत में लिया.
तलाशी के दौरान युवक के बैग से खाकी टेप में लिपटे हुए 7 पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था. बरामद किए गए गांजे की कुल कीमत लगभग 6 लाख 75 हजार 200 रुपए आंकी गई है.
आरपीएफ ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
चूंकि मामला रेलवे सीमा का था, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी और जब्त माल को शासकीय रेलवे पुलिस भिलाई के सुपुर्द कर दिया गया.
आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद कोर्ट के आदेशानुसार दुर्ग स्थित केंद्रीय जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था.