कलेक्टर जनदर्शन में युवक ने खुद को लगाई आग
धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक युवक ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन के दौरान आत्मदाह करने की कोशिश की. युवक प्रधानमंत्री आवास की मांग को लेकर जनदर्शन पहुंचा था.
इस घटना के बाद पूरे कलेक्टोरेट परिसर में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां युवक का इलाज जारी है.
बताया गया कि युवक प्रधानमंत्री आवास की मांग करते हुए काफी दिनों से इस दफ्तर से उस दफ्तर भटक रहा था. उसने कलेक्टर ऑफिस का भी कई बार चक्कर लगाया, लेकिन उसका काम नहीं हो रहा था. इससे वह काफी परेशान हो गया था.
आज युवक कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचा. उसने छिपाकर अपने पास पेट्रोल रखा था. आज भी काम नहीं होने पर परेशान हो गया और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली.
इसे देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. लोगों ने तत्काल आग बुझाकर युवक को अस्पताल पहुंचाया. जहां युवक का इलाज जारी है. फिलहाल युवक की स्थिति स्थिर बताई जा रही है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.