महिला द्वारा निजी फोटो वायरल करने से युवक ने जहर खाया
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवक के लिए उस वक्त मुसीबत बन गई, जब एक महिला ने उसकी निजी तस्वीरों के दम पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. अकलतरा थाना क्षेत्र के इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला को राजनांदगांव से धर दबोचा है.
कोर्ट में पेशी के बाद महिला को जेल भेज दिया गया है, जबकि ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाने वाले पीड़ित युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है.
अकलतरा पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर जालसाज महिला को राजनांदगांव से हिरासत में लिया. पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसमें ब्लैकमेलिंग से जुड़े व्हाट्सएप चैट और अन्य महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं.
पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है और मामले की आगे की कड़ियों को खंगाल रही है.
जांच में यह बात सामने आई कि महिला पिछले करीब दो हफ्तों से युवक को लगातार प्रताड़ित कर रही थी. वह प्रफुल्ल की निजी तस्वीरों को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक करने की धमकी देकर एक लाख रुपये की फिरौती मांग रही थी.
हद तो तब हो गई जब आरोपी महिला ने युवक को डराने के लिए कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें उसके परिवार वालों के मोबाइल पर भी भेज दीं. इस हरकत से युवक गहरे मानसिक तनाव में आ गया था.
बदनामी के इसी भारी दबाव और मानसिक प्रताड़ना के चलते पीड़ित युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था. तबीयत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. जब इस खौफनाक कदम की वजह सामने आई, तो युवक के पिता ने तुरंत अकलतरा थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस महकमा एक्शन में आया.
दरअसल, अकलतरा के रहने वाले 21 वर्षीय प्रफुल्ल जांगड़े की मुलाकात कुछ समय पहले सोशल मीडिया के जरिए इस महिला से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढ़ीं और वे दोस्त बन गए. इसी करीबी का फायदा उठाकर महिला ने युवक की कुछ बेहद निजी और संवेदनशील तस्वीरें अपने पास सेव कर ली थीं, जिन्हें बाद में उसने वसूली का हथियार बना लिया.