व्हाट्सएप पर बिना फोन नंबर शेयर किए कर सकेंगे चैटिंग
नई दिल्ली । डेस्क: मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप (WhatsApp) ने एक बड़ा प्राइवेसी फीचर पेश किया है. अब यूजर्स बिना अपना फोन नंबर शेयर किए भी एक-दूसरे से चैट कर सकेंगे. कंपनी ने इसके लिए 'यूजरनेम' फीचर की घोषणा की है और इसके लिए शुरुआती बुकिंग भी शुरू कर दी है. यह फीचर इस साल के अंत तक सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा.
व्हाट्सएप ने अपने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, "इस हफ्ते से आप अपना पसंदीदा यूजरनेम रिजर्व कर सकते हैं, जिसका इस्तेमाल इस साल के अंत में फीचर लॉन्च होने पर किया जा सकेगा."
गोपनीयता को मिलेगा बढ़ावा:
कंपनी का कहना है कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य यूजर्स की प्राइवेसी को मजबूत करना है. अक्सर ग्रुप चैट्स में या किसी नए व्यक्ति से जुड़ते समय लोगों को अपना फोन नंबर शेयर करना पड़ता है, लेकिन इस फीचर के आने के बाद नंबर देने की जरूरत नहीं होगी.
दुनिया भर में व्हाट्सएप के तीन अरब (3 बिलियन) से अधिक यूजर्स हैं, इसीलिए कंपनी ने बुकिंग प्रक्रिया जल्दी शुरू की है ताकि सभी को अपनी पसंद का हैंडल चुनने का मौका मिल सके.
ऐसे रिजर्व करें अपना यूजरनेम:
यूजरनेम रिजर्व करने के लिए यूजर्स को ऐप के सबसे लेटेस्ट वर्जन पर जाना होगा. इसके बाद 'सेटिंग्स' (Settings) में जाकर 'अकाउंट' (Account) और फिर 'यूजरनेम' (Username) के विकल्प पर क्लिक करना होगा. इसके अलावा, एक यूनीक नाम चुनने में मदद के लिए प्लेटफॉर्म ने एक 'यूजरनेम जनरेटर' टूल भी पेश किया है.
कंटेंट क्रिएटर्स, छोटे व्यवसायों और संगठनों की सहूलियत के लिए व्हाट्सएप ने एक खास विकल्प दिया है, जिसके जरिए वे अपने मौजूदा इंस्टाग्राम या फेसबुक यूजरनेम को ही व्हाट्सएप पर भी क्लेम कर सकते हैं.
सुरक्षा के लिए होगा 'यूजरनेम की' का इस्तेमाल:
व्हाट्सएप ने साफ किया है कि यूजरनेम खोजने के लिए कोई पब्लिक डायरेक्टरी नहीं होगी. पहली बार संपर्क करने के लिए सामने वाले व्यक्ति को आपका सटीक यूजरनेम पता होना जरूरी होगा. अनचाहे मैसेज से बचने और सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए कंपनी ने एक 'यूजरनेम की' का विकल्प भी जोड़ा है.
यानी कोई भी व्यक्ति आपको तभी मैसेज कर पाएगा, जब उसे आपके यूजरनेम के साथ-साथ यह 'की' भी मालूम होगी.
फीचर के पूरी तरह रोलआउट होने के बाद, जिन यूजर्स ने यूजरनेम इनेबल किया है, उनका फोन नंबर किसी अनजान व्यक्ति या बिजनेस को पहली बार मैसेज करते समय दिखाई नहीं देगा. कंपनी आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से इसे जारी करेगी और संबंधित देशों में उपलब्धता के आधार पर यूजर्स को इन-ऐप नोटिफिकेशन भी भेजे जाएंगे.