क्या नर्स निमिषा प्रिया बच पायेंगी?
नई दिल्ली । डेस्क: यमन में 16 जुलाई को होने वाली फांसी से पहले केरल की नर्स निमिषा प्रिया की जान बचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर आखिरी कोशिशें तेज हो गई हैं. निमिषा को 2017 में यमनी नागरिक तलाल अब्दो मेहदी की हत्या के मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी.
प्रमुख मुस्लिम नेता और ऑल इंडिया सुन्नी जमीयतुल उलमा के महासचिव कंथापुरम ए.पी. अबूबक्कर मुसलियार ने यमन के प्रसिद्ध सूफी विद्वान हबीब उमर बिन हाफिज से संपर्क कर निमिषा के लिए रहम की गुहार लगाई है.
मुसलियार के अनुरोध पर हबीब उमर ने तलाल के परिवार से बातचीत शुरू की है, ताकि वे ब्लड मनी स्वीकार कर निमिषा को माफ कर दें.
उत्तरी यमन में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में हबीब उमर के प्रतिनिधि हबीब अब्दुर्रहमान अली मशहूर, यमनी सरकार के प्रतिनिधि, आपराधिक न्यायालय के सर्वोच्च न्यायाधीश, तलाल के भाई और कबायली नेताओं ने हिस्सा लिया.
इस बैठक में तलाल के परिवार से निमिषा को माफी देने और ब्लड मनी स्वीकार करने का प्रस्ताव रखा गया. सूत्रों के अनुसार, यह चर्चा अब निर्णायक मोड़ पर है.
निमिषा प्रिया, जो केरल के पलक्कड़ की रहने वाली हैं, को जून 2018 में यमन की एक स्थानीय अदालत ने हत्या का दोषी ठहराया था.
नवंबर 2023 में यमन के सर्वोच्च न्यायिक परिषद ने इस मौत की सजा को बरकरार रखा. निमिषा ने तलाल के साथ मिलकर यमन में एक क्लिनिक चलाया था, लेकिन उनके बीच मानसिक, शारीरिक और आर्थिक उत्पीड़न के आरोपों के बाद यह घटना घटी.
भारत सरकार ने भी इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट की है. सोमवार को केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वह निमिषा को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है.
अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने कहा, "यमन की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए भारत सरकार वह सब कर रही है, जो संभव है, लेकिन इसके अलावा ज्यादा कुछ नहीं किया जा सकता."
निमिषा की जान बचाने के लिए अब समय के साथ दौड़ जारी है, और सभी की निगाहें यमन में चल रही बातचीत के नतीजे पर टिकी हैं.