यमन में भारतीय नर्स की फांसी 16 जुलाई को
नई दिल्ली । डेस्क: यमन सरकार ने घोषणा की है कि केरल की 36 वर्षीय भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की फांसी 16 जुलाई 2025 को होगी. निमिषा को 2017 में यमन से भागने की कोशिश के दौरान पकड़ा गया था, और 2018 में उनके बिजनेस पार्टनर तालाल अब्दो माहदी की हत्या के लिये यमनी अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया था.
छह महीने पहले ही मृत्युदंड की सजा पर अंतिम मुहर लग चुकी थी.
निमिषा की मां प्रेमा कुमारी के 'पावर ऑफ अटॉर्नी' धारक और मानवाधिकार कार्यकर्ता सैमुअल जेरोम ने बताया, "यमन सरकार ने हमें फांसी की तारीख की सूचना दे दी है."
भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, निमिषा की जान बचाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर प्रयास जारी हैं.
केरल के पलक्कड़ जिले की रहने वाली निमिषा 2008 में नर्सिंग के काम के लिए यमन गई थीं. अपने पति टॉमी थॉमस और बेटी के साथ वहां रहने के बाद, 2014 में उनका परिवार भारत लौट आया, लेकिन निमिषा यमन में रहीं ताकि अपना क्लिनिक शुरू कर सकें.
उसी साल उनकी मुलाकात यमनी नागरिक तालाल अब्दो माहदी से हुई, जो उनके बिजनेस पार्टनर बने. यमन के कानून के अनुसार, विदेशियों को व्यवसाय शुरू करने के लिए स्थानीय साझेदार की जरूरत होती है. 2015 में दोनों ने मिलकर एक क्लिनिक खोला, लेकिन जल्द ही उनके बीच मतभेद शुरू हो गये.
निमिषा ने आरोप लगाया कि माहदी ने उनका पैसा और पासपोर्ट छीन लिया और उन्हें अपनी पत्नी के रूप में प्रस्तुत कर प्रशासनिक सहायता प्राप्त करना मुश्किल कर दिया. कई बार पुलिस से संपर्क करने के बावजूद कोई मदद नहीं मिली.
25 जुलाई 2017 को निमिषा ने माहदी को बेहोश करने के लिये नींद का इंजेक्शन दिया ताकि अपना पासपोर्ट वापस ले सकें, लेकिन ओवरडोज के कारण माहदी की मौत हो गई. इसके बाद निमिषा ने अपनी सहकर्मी हनान के साथ मिलकर माहदी के शव को टुकड़ों में काटकर पानी की टंकी में फेंक दिया. उसी महीने यमन से भागने की कोशिश में वह पकड़ी गईं.
2018 में यमनी अदालत ने निमिषा को हत्या का दोषी ठहराकर मृत्युदंड की सजा सुनाई. पिछले सात वर्षों से उनका परिवार और समर्थक उनकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं. निमिषा की मां ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की पेशकश की, लेकिन माहदी के परिवार ने इसे ठुकरा दिया. दिसंबर 2024 में यमन के सुप्रीम कोर्ट ने फांसी की सजा को बरकरार रखा, और राष्ट्रपति राशद अल-अलिमी ने उनकी दया याचिका खारिज कर दी.
भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय लगातार यमनी अधिकारियों के संपर्क में हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है. निमिषा का मामला भारत और यमन के बीच कूटनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है, और उनके परिवार को उम्मीद है कि अंतिम समय में कोई चमत्कार हो सकता है.