न्याय के लिये मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की पूजा
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विष्णुदेव साय और श्याम बिहारी की देव पूजा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक शख्स़ द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की तस्वीरों की पूजा करते हुए न्याय की गुहार लगाने का मामला सामने आया है.
दरअसल रायपुर के एक युवा ओम खेमानी, अपनी मां की मौत के मामले में न्याय की गुहार लगा कर जब थक गए तो उन्होंने अपने घर में विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की तस्वीरें टांग ली हैं. घी के दिए जलाकर जय विष्णुदेव और जय श्याम के उद्घोष कर रहे हैं. क्योकि ये उनके लिए अब "देवता" बन गए हैं, जिनसे वह चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं. ओम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है.
असल में पिछले साल 12 सितंबर 2024 को टाटीबंध निवासी ओम खेमानी की माँ भारती खेमानी की मौत हो गई थी. 49 साल की भारती स्वाइन फ्लू से पीड़ित थीं. उनके बेटे ओम का सोशल मीडिया पर अस्पताल की लापरवाही का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल हुआ था.
परिजनों का आरोप है कि रायपुर के एमएमआई नारायणा अस्पताल, रेड एंबुलेंस और हैदराबाद ले जाने वाली एयर एंबुलेंस की लापरवाही से भारती खेमानी की मौत हुई.
उनका कहना है कि 2 सितंबर को भारती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया था. 12 सितंबर को उन्हें हैदराबाद रेफर किया गया, लेकिन एयर एंबुलेंस में उड़ान भरते ही उनकी मौत हो गई.
यह वायरल वीडियो महिला के बेटे ओम ने ही बनाया था. इस मामले में पीड़ित खेमानी परिवार ने टिकरापारा थाने में अस्पताल प्रबंधन से लेकर एयर एंबुलेंस स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर शिकायत दर्ज कराई थी.
उनका आरोप था कि अस्पताल से एंबुलेंस में विमानतल जाने के दौरान उनसे रूखा व्यवहार किया गया. इसके अलावा एयरक्राफ्ट में उपकरण ठीक-ठाक हालत में नहीं थे.
परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एंबुलेंस स्टाफ का व्यवहार ऐसा था, मानो मरीज नहीं, सामान ढो रहे हों. पूरी रकम लेने के बाद भी फ्लाइट को वापस रायपुर में उतार लिया गया था.
पीड़ित परिवार ने टिकरापारा थाने में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने रेड एंबुलेंस को थाने में खड़ा कर दिया और स्वास्थ्य विभाग से जाँच की बात की. स्वास्थ्य मंत्री के आदेश पर पाँच सदस्यीय कमेटी बनी. कमेटी ने अस्पताल, रेड एंबुलेंस और एयर एंबुलेंस को दोषी भी ठहराया.
रिपोर्ट सीएमएचओ, कलेक्टर और स्वास्थ्य संचालक तक पहुँची. लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. पीड़ित परिवार को जांच करने का ही हवाला दिया जाता रहा.
इंतज़ार से थककर ओम ने अब सीएम और स्वास्थ्य मंत्री की तस्वीरें घर में टांग दी हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो डाला, जिसमें लिखा- "छत्तीसगढ़ में न्याय व्यवस्था मर चुकी है" लोगों ने कमेंट्स में तंज कसा- "शर्म करो सरकार", "इन भगवानों को प्रसाद चढ़ाओ". इस वीडियो को 24 घंटे में 2 हज़ार से ज्यादा लोग शेयर कर चुके हैं और सीएम व स्वास्थ्य मंत्री को टैग भी कर रहें हैं.
हमारे देश में सरकारी जाँच अनंत काल तक चलती रहती है. पीड़ित पक्ष के हिस्से बस अंतहीन इंतज़ार होता है. जब सारी उम्मीदें कमज़ोर पड़ने लगती हैं तो लोगों की आखिरी उम्मीद देवी-देवताओं पर जाकर टिक जाती है.
सवाल ये है कि क्या ये "देवता" उनकी सुनेंगे?