बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

लोन दिलाने के नाम पर बस्तर की महिलाओं के साथ लाखों की ठगी

छत्तीसगढ़ के बस्तर में लोन के नाम पर महिलाओं से ठगी

C

CG Khabar

16 जून 2025, 02:29 PM 4 मिनट में पढ़ें 15

बस्तर की ग्रामीण महिलाओं से ठगी
बस्तर की ग्रामीण महिलाओं से ठगी

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर से लगे माड़पाल ग्राम पंचायत में ग्रामीण महिलाओं से जालसाजी कर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है.


ग्रामीण महिलाओं को बैंक से लोन दिलाने के नाम पर उनके खातों में बैंक से पैसा डलवाकर ठग महिला गैंग ने पुरी राशि निकाल ली है. अब बैंक का क़िस्त महिलाओं के ऊपर डाल दिया है.

विज्ञापन


30 से अधिक महिलाओं के खातों में 50 से 60 हजार तक कुल लगभग 20 लाख रुपये लोन के नाम से डाला गया था. लोन दिलाने वाली महिला सभी के खातों से पूरे 20 लाख रुपये निकालकर रफूचक्कर हो गई.


वहीं अब ग्रामीण महिलाओं के घरों में बैंक से वसूली करने वाले लोग पहुंच रहे हैं. क़िस्त की राशि नहीं देने के नाम पर महिलाओं से मोबाईल फोन छीनने के साथ ही उनके घरों के सामानों को उठा कर ले जा रहे हैं.


इसके साथ ही उन्हें धमकी भी दी जा रही है कि अगर उन्होंने लोन का पैसा नहीं भरा तो महिलाओं के खाते में आने वाला पीएम आवास का पैसा भी रोक देंगे. 


लाचार और पीड़ित महिलाओं ने नगरनार और आदिवासी थाने में जाकर ठगी का शिकार बनाने वाली महिला के खिलाफ़ शिकायत भी दर्ज करा दी है.


समूह की एक-एक महिला को बनाया ठगी का शिकार

इस गैंग से ठगी का शिकार हुए माड़पाल पंचायत की रहने वाली कलावती, उमासी सगड़िया और दुलेश्वरी सेठिया ने बताया कि गांव की महिलाएं एक समूह चलाती हैं और बैंक से समूह को लोन दिया जाता है.


जिसे उनके द्वारा समय पर चुका दिया जाता है. गांव की ही रश्मि नाम की महिला ने समूह की सभी महिलाओं से अलग-अलग व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें बैंक से लोन दिलाने की बात कही.


महिला ने ऐसे कर माड़पाल गांव की लगभग 30 से अधिक महिलाओं के पासबुक और डॉक्यूमेंट से अलग-अलग निजी बैंक से किसी से 45,000 तो किसी से 60000 ऐसे कर लगभग 20 लाख रुपए से अधिक लोन निकाल लिया.


पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उनका आधार और पासबुक मांगा गया और कुछ बैंक के लोग आकर उनको साइन कराए और लोन पास कर दिया गया. लेकिन महिलाओं को कोई पैसा नहीं दिया गया.


अब बैंक वाले लगातार उनके घर पहुंच कर किस्त का पैसा भरने की बात कहते हुए उनके घरों में रखे सामानों को ले जा रहे हैं. कई ग्रामीण महिलाएं परिवार के साथ गांव भी छोड़ रही हैं.


कुछ दिन पहले बैंक के लोग गांव की एक महिला से मोबाइल भी छीनकर ले गए और घर के बर्तन भी ले जाने की धमकी दे गये.


पीड़ित महिलाओं का कहना है कि जिस महिला ने सभी के खाते से लोन निकाला वह महिला और बैंक के कर्मचारी मिली भगत कर उन्हें परेशान कर रहे हैं.


किस्त पटाने का दबाव लगातार बना रहे हैं, जिससे अब वे कर्ज में डूब गई हैं.

बैंक कर्मचारियों पर मिली भगत का आरोप

माड़पाल पंचायत के पूर्व सरपंच दशरथ नाग ने बताया कि जिस महिला ने पूरी ग्रामीण महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बनाया है, उसके साथ बैंक कर्मचारी भी मिले हुए हैं.


बैंक वालों ने पहले व्यक्तिगत रूप से फर्जी महिला के कहने पर ग्रामीण महिलाओं को 50 से 60 हजार तक लोन दे दिया. इसके एवज में खुद बैंक वाले इन ग्रामीण महिलाओं के घरों में लोन के कागज पर दस्तखत कराने पहुंचे.


उसके बाद अब किस्त नहीं पटाने के नाम पर महिलाओं से दुर्व्यवहार करने के साथ उनके घरों के सामानों को ले जा रहे हैं.


हालांकि ठगी करने वाली महिला के खिलाफ नगरनार थाना में लिखित शिकायत की गयी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.


जिसके चलते सभी पीड़ित महिलाएं बस्तर सांसद से गुहार लगाने पहुंच गयीं. 

सांसद ने कहा दोषियों पर होगी कार्रवाई

इधर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने एसपी और कलेक्टर से चर्चा कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही कराने की बात कही है.


उन्होंने कहा कि भोलेभाले आदिवासियों के साथ छल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.


वहीं इस मामले में ठगी का शिकार बनाने वाली महिला फरार बतायी जा रही है. लोन देने वाले इन निजी बैंक के मैनेजर भी इस मामले पर कुछ कहने से बच रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP