रवि, 15 नव. 2026

CGKhabar

महिला आरक्षण बिल: मोदी सरकार के लिए लोकसभा में संख्या बल बना चुनौती

C

CG Khabar

17 अप्रै. 2026, 08:37 AM 3 मिनट में पढ़ें 13

लोकसभा
लोकसभा

नई दिल्ली । डेस्क: संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल (संविधान संशोधन विधेयक) को पारित कराना मोदी सरकार के लिए एक बड़ी विधायी चुनौती बनकर उभरा है. वर्तमान लोकसभा की गणितीय स्थिति और हालिया मतदान के आंकड़ों ने सरकार की राह को पेचीदा बना दिया है. 


आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में लोकसभा की सदस्य संख्या 540 है और किसी भी संविधान संशोधन बिल को पारित कराने के लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है. इस लिहाज से सरकार को कम से कम 360 वोटों के जादुई आंकड़े की जरूरत है, लेकिन मौजूदा समीकरण कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं.

विज्ञापन


हाल ही में सदन में पेश किए गए तीन अन्य विधेयकों पर हुए मतदान के दौरान सत्ता पक्ष के पक्ष में केवल 251 वोट पड़े. हालांकि, बीजेपी रणनीति के तहत अपने सभी सांसदों को दिल्ली बुला रही है और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के सांसद देर रात तक राजधानी पहुंचना शुरू हो गए हैं. 


बीजेपी रणनीतिकारों का मानना है कि उनकी अधिकतम संख्या 293 तक पहुंच सकती है और यदि वाईएसआर कांग्रेस जैसी पार्टियों का समर्थन मिलता है, तो यह आंकड़ा 300 के करीब जा सकता है. 


इसके बावजूद, 360 के लक्ष्य और सरकार की वर्तमान ताकत के बीच एक बड़ा फासला नजर आ रहा है. दूसरी ओर, विपक्षी खेमा भी पूरी तरह लामबंद है. पिछले मतदान में विपक्ष के पक्ष में 185 वोट पड़े थे और उम्मीद है कि कल होने वाली वोटिंग में तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों के सांसदों की उपस्थिति से विपक्ष की संख्या 200 को पार कर जाएगी.


विपक्ष के भीतर भी समन्वय की जिम्मेदारी कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा और एनसीपी की सुप्रिया सुले को सौंपी गई है, हालांकि क्षेत्रीय दलों की आंतरिक खींचतान और शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेताओं की अनिश्चित रणनीति ने सस्पेंस बरकरार रखा है. 


उद्धव ठाकरे की शिवसेना और तमिलनाडु की डीएमके ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं, जिससे स्पष्ट है कि बिना विपक्ष के बड़े हिस्से के समर्थन के इस बिल का भविष्य अधर में लटक सकता है. 


इस कठिन परिस्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा के साथ उच्च स्तरीय बैठक की है. सरकार की रणनीति अब दोतरफा है या तो कुछ विपक्षी दलों को बिल के समर्थन में लाया जाए या फिर मतदान के समय उनके वॉकआउट को सुनिश्चित किया जाए ताकि सदन की प्रभावी संख्या कम हो और बिल आसानी से पास हो सके. 


केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को विपक्षी दलों के साथ समन्वय की विशेष जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अमित शाह दक्षिण भारत के दलों को सीटों के परिसीमन के गणित से संतुष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि क्या सरकार कोई ऐसा बीच का रास्ता निकाल पाती है जिससे दोनों पक्षों की राजनीतिक साख बनी रहे और यह ऐतिहासिक बिल कानून की शक्ल ले सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
शेयर बाजार
खबर खास

नवंबर में विदेशी निवेशकों का 'यू-टर्न', भारतीय बाजार में झोंके ₹84,290 करोड़

40 मिनट पहले

AI Generated Photo
खबर खास

टाइट अंडरवियर से पुरुषों की सेक्सुअल हेल्थ और स्पर्म क्वालिटी को खतरा, नई स्टडी का खुलासा

15 घंटे पहले

AI Generated Photo
खबर खास

तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए बीमा एवं हर ट्रांजेक्शन पर 1% सामाजिक सुरक्षा योगदान- राहुल गांधी

एक दिन पहले

रामलीला मैदान-दिल्ली
खबर खास

दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन के नए नियम का मसौदा: 50 हजार की भीड़ और 7 घंटे की समय सीमा

एक दिन पहले

TB
खबर खास

WHO: भारत ने TB से होने वाली मौतों में 38% की ऐतिहासिक गिरावट, वैश्विक औसत को पछाड़ा

2 दिन पहले

Microsoft
खबर खास

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़े दबाव से चरमराई माइक्रोसॉफ्ट सेवाएं, आंशिक बहाली, एशिया में संकट बरकरार

2 दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP