महिला आरक्षण बिल गिरा: राहुल-खरगे बोले- विपक्ष ने संविधान को बचाया
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में शुक्रवार को महिला आरक्षण से जुड़े 'संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026' के गिरने के बाद विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसे संविधान को बचाने वाली जीत करार देते हुए कहा कि विपक्ष ने चुनावी ढांचे को बदलने की सरकार की कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है.
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि यह केवल महिलाओं से संबंधित बिल नहीं था, बल्कि प्रतिनिधित्व के स्वरूप को बदलने का एक राजनीतिक प्रयास था.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वासन दिया कि यदि सरकार 2023 के महिला आरक्षण कानून को लागू करना चाहती है, तो विपक्ष इसके लिए 'बिना शर्त समर्थन' देने को तैयार है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इसे देश के लोकतंत्र और संघवाद की जीत बताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि एकजुट विपक्ष ने देश के संविधान को नुकसान पहुँचाने के सरकार के प्रयास को विफल कर दिया है.
खरगे ने मांग की कि सरकार 2023 में पारित 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के अनुसार, 2029 के चुनावों से ही महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करे.
वहीं, सीपीआई महासचिव डी. राजा ने इसे मोदी सरकार के लिए एक बड़ा झटका बताते हुए कहा कि यह महिला आरक्षण की आड़ में भारत के राजनीतिक मानचित्र को फिर से तैयार करने की कोशिश थी.
ज्ञात हो कि यह विधेयक 2011 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीटों के पुनर्वितरण के माध्यम से महिला आरक्षण लागू करने के लिए लाया गया था, जो सदन में दो-तिहाई बहुमत प्राप्त करने में विफल रहा.