मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

शराब दुकान के खिलाफ महिलाएं लामबंद, सड़क पर प्रदर्शन

शराब दुकान खोलने के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन

H

Hupendra Sharma

01 जुल. 2025, 11:49 AM 3 मिनट में पढ़ें 33

शराब दुकान का विरोध
शराब दुकान का विरोध

रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर से लगे धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के दोदेखुर्द गांव में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर महिलाओं में भारी आक्रोश है. अब तो महिलाएं शराब दुकान खोलने के विरोध में सड़क पर उतर आई हैं.


महिलाओं ने आज रायपुर के अंबेडकर चौक में प्रदर्शन किया. इस दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्ती लेकर जमकर नारेबाजी की.

विज्ञापन


तख्ती में लिखा हुआ था-शराब नहीं अनाज चाहिए, भट्ठी नहीं विकास चाहिए, फूल नहीं चिंगारी हैं, हम छत्तीसगढ़ की नारी हैं, दोंदेखुर्द में दारू भट्ठी बंद करो.


महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर शराब दुकान खोलने के निर्णय को वापस नहीं किया गया, तो वे रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम और विधानसभा का घेराव करेंगी.


शराब दुकान के विरोध में लामबंद हुई महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान को जबरदस्ती लोगों पर थोपा जा रहा है. महिलाओं का आरोप है कि सरपंच अशोक साहू की सहमति से दोंदेखुर्द में शराब दुकान खोली जा रही है.


जबकि आसपास के छपोरा, लालपुर, सेमरिया, मटिया और दोन्देकला में शराब दुकान खोलने की अनुमति नहीं दी गई है.  


महिलाओं में डर है कि गांव में शराब दुकान खुल जाने से आने वाली पीढ़ी का क्या होगा. उनके बच्चों पर क्या असर पड़ेगा. बच्चों का भविष्य तो बर्बाद होगा ही साथ में महिलाओं के साथ घरेलू हिंसा भी बढ़ेगी.


2013 में शराब दुकान बंद कराया था

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि साल 2013 में संघर्ष समिति का गठन कर गांव से शराब दुकान बंद कराया गया था.


इसके बाद लगातार अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करते रहे हैं. तब से आज तक गांव शराब मुक्त है,


लेकिन अब सरकार वहां फिर से शराब दुकान खोलना चाहती है.शासन की ये कैसी नीति है कि जिस गांव ने खुद शराब मुक्ति की जिम्मेदारी ली उसे फिर नशे में धकेलने का प्रयास किया जा रहा है.


महिलाओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है. इस प्रदर्शन में दोंदे और आसपास के एक दर्जन गांवों से सैकड़ों ग्रामीण भी शामिल हुए.


मशाल रैली निकाल किया प्रदर्शन

इससे पहले महिलाओं ने गांव में मशाल जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया था. साथ ही 29 जून को ग्रामसभा में शराब दुकान के विरोध में प्रस्ताव पारित किया गया.


प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा था. ग्रामीणों के इस आंदोलन को जिला कांग्रेस कमेटी ने समर्थन दिया है.


पूर्व विधायक अनिता शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उधोराम वर्मा ने गांव में धरने पर बैठी महिलाओं का समर्थन करते हुए धरने को संबोधित किया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP