घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत महिलाएं भी हो सकती हैं आरोपी- HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, 2005 (डीवी एक्ट) के तहत दर्ज कार्यवाही को रद्द करने की मांग करने वाली बहू और उसके पांच परिजनों की आपराधिक याचिका को खारिज कर दिया है. न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने माना कि सास और ननद द्वारा दायर शिकायत पर विचार करना निचली अदालत का सही फैसला था.
अदालत ने स्पष्ट किया कि पक्षकार एक ही साझा घर (शेयरड हाउसहोल्ड) में रहते थे या नहीं और उनके बीच "घरेलू संबंध" थे या नहीं, यह जांच और साक्ष्य का विषय है, जिसे केवल सुनवाई के दौरान ही तय किया जा सकता है.
कोर्ट ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि घरेलू हिंसा कानून के तहत महिलाएं भी हिंसा की आरोपी या उकसाने वाली हो सकती हैं. यदि सास या ननद के साथ घरेलू हिंसा होती है, तो वे भी इस कानून के तहत कानूनी राहत पाने की हकदार हैं.
यह मामला रायपुर का है, जहां सास निर्मला अग्निवंशी और ननद श्रुति ने नवंबर 2020 में अपनी बहू अनीशा अग्निवंशी और उसके परिवार के खिलाफ धारा 12 के तहत शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, 2011 में शादी के बाद से ही बहू का व्यवहार ठीक नहीं था. ससुर की बीमारी के इलाज के दौरान देखभाल और पारिवारिक सहयोग को लेकर मतभेद बढ़ते गए.
आरोप है कि मई 2018 में ससुराल छोड़ने के बाद भी बहू और उसके परिजनों ने सास और ननद के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और दहेज के झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दीं.
बहू और उसके परिजनों ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 528 के तहत हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. उनका तर्क था कि वे शिकायतकर्ताओं के साथ कभी एक साझा मकान में नहीं रहे, इसलिए सास और ननद कानून के तहत 'पीड़ित व्यक्ति' (एग्रीव्ड पर्सन) की श्रेणी में नहीं आतीं.
हालांकि, हाईकोर्ट ने इस याचिका को निरस्त करते हुए कहा कि कानून की धारा 2(a) और 3 के तहत घरेलू हिंसा में केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मौखिक, भावनात्मक प्रताड़ना, अपमान और धमकियां भी शामिल हैं. कोर्ट के अनुसार, ये सभी तर्क आरोपियों के बचाव के बिंदु हैं, जिन्हें मुकदमे के दौरान सबूतों के आधार पर ही तय किया जाएगा.