महिलाएं कर रही हैं गंभीर अपराध- किरणमयी
महिलाएं भी कर रही हैं गंभीर अपराध- किरणमयी
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक सोमवार को आयोग द्वारा आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंची. इस दौरान उन्होंने कुल 31 मामलों की सुनवाई की और कई संवेदनशील प्रकरणों पर अहम फैसला लेते हुए सुलहनामा भी कराया.
इस दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि अपराध केवल पुरुष ही नहीं करते, महिलाएं भी दोषी हो सकती हैं. इसी कारण महिला जेल की व्यवस्था है.
मध्यप्रदेश की सोनम रघुवंशी केस का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आजकल कई महिलाएं बदले की भावना से गंभीर अपराध कर रही हैं. शादी होने के साल-दो साल या कुछ महीनों के अंदर ही पत्नियां ही पतियों की हत्या तक कर रही हैं.
इसकी वजह उन्होंने बढ़ती अपेक्षाएं, जबरदस्ती की शादियां और सामाजिक दबाव को बताया.
लव जिहाद जैसे मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अब तक आयोग में लव जिहाद का कोई मामला सामने नहीं आया है. अंतरधार्मिक विवाहों के मामले जरूर आते हैं जिनकी नियमों के अनुसार सुनवाई की जाती है.
पुरुषों के लिए अलग कानून न होने के सवाल पर कहा कि यह सच है कि पुरुषों के लिए अलग कानून नहीं है लेकिन ऐसा नहीं है कि उन्हें कोई कानूनी सहायता नहीं मिलती.
पत्नी बच्चों को छोड़ने पर निलंबन की अनुशंसा
जनसुनवाई के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसमें एक युवक ने झूठ बोलकर अपने आप को पुलिस आरक्षक बताकर एक महिला से विवाह कर लिया था.
आयोग के दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप कर इस मामले में सुलहनामा कराया.
एक अन्य मामला एक शिक्षक से जुड़ा था जो अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़कर किसी अन्य महिला के साथ रह रहा था.
इस मामले में सिविल सेवा नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए किरणमयी नायक ने उसके निलंबन की अनुशंसा की है.