पति की मौत का झूठा दावा कर 4 लाख ठगने वाली महिला को अग्रिम जमानत
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्राप्त करने की आरोपी महिला, उर्वशी श्रीवास को अग्रिम जमानत दे दी है. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पीठ ने समानता के सिद्धांत (Principle of Parity) और महिला के स्थानीय निवासी होने के आधार पर यह फैसला सुनाया, क्योंकि मामले के एक अन्य सह-आरोपी को पहले ही जमानत मिल चुकी थी.
अभियोजन पक्ष के अनुसार, महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति पुरुषोत्तम श्रीवास की सांप के काटने से हुई मौत का झूठा दावा कर सरकारी योजना का लाभ उठाया, जबकि पुलिस रिकॉर्ड में इस मौत का कोई जिक्र नहीं था.
अदालत ने जमानत देते समय सख्त शर्तें भी लागू की हैं.
कोर्ट ने निर्देश दिया है कि आरोपी महिला और उसकी जमानत देने वाले व्यक्ति को अपने पहचान पत्रों (Aadhaar) की प्रति और रंगीन फोटो ट्रायल कोर्ट में जमा करनी होगी, जिसका सत्यापन किया जाएगा.
इसके अलावा, महिला को निर्देश दिया गया है कि वह जांच में सहयोग करे, गवाहों को प्रभावित न करे और भविष्य में इस तरह के किसी भी अपराध में शामिल न हो.
हालांकि सरकारी वकील ने इस आधार पर जमानत का विरोध किया था कि आरोपी ने पहले ही अनुचित तरीके से मुआवजे की राशि प्राप्त कर ली है, लेकिन कोर्ट ने सभी परिस्थितियों को देखते हुए राहत प्रदान की.