मप्र के सीधी में महिला की कथित भाजपा नेता द्वारा बेरहमी से पिटाई
सीधी । डेस्क: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक महिला की सरेराह बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह घटना रविवार सुबह बहरी थाना क्षेत्र के भंवर गांव में सब्जी की दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई. पुलिस ने इस मामले में संतोष पाठक और राहुल द्विवेदी नामक दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
वायरल वीडियो में मुख्य आरोपी संतोष पाठक महिला को लात-घूंसों और डंडे से पीटता नजर आ रहा है. पीड़िता हेमा सिंह का आरोप है कि आरोपियों ने उसे दुकान हटाने की धमकी दी और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी.
इस घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए आरोपी को 'भाजपा नेता' बताया और राज्य सरकार पर 'जंगलराज' का आरोप लगाया. कांग्रेस ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर नेता महिलाओं पर अत्याचार कर रहे हैं.
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ का नारा दिया था, लेकिन बेटियों को बीजेपी नेताओं से बचाने की बात नहीं कही गई. उन्होंने आरोप लगाया कि सीधी में एक महिला के साथ भाजपा नेता द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई है.
पटवारी ने आगे दावा किया कि प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा महिलाओं के साथ हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में कुछ लोग महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं इस तरह की घटनाओं का जवाब राजनीतिक रूप से देंगी.
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी इस मामले में घेरा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है पटवारी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने में असफल रही है.
पटवारी ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इससे कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होंगे.
प्रधानमंत्री @narendramodi ने कहा था बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ, लेकिन वह कहना भूल गए कि भाजपा नेताओं से ही बेटियों को बचाओ।
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) February 8, 2026
आज सीधी में एक बहन के साथ भाजपा नेता द्वारा लाठी से बेरहमी से मारपीट की गई।
पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा बहनों के साथ मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं।… pic.twitter.com/3nvhh6byLW
हालांकि, सीधी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने आरोपी के किसी राजनीतिक दल से जुड़े होने से इनकार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं. फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं.