प्रेमी के साथ पति की हत्याकर ग्राइंडर से पीसकर गंगा में बहाया
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर गंगा नदी और नाले में फेंक दिए. पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला रूबी ने 18 नवंबर को अपने पति राहुल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उसने दावा किया था कि राहुल कई दिनों से लापता है. लेकिन करीब एक महीने बाद, 15 दिसंबर को ईदगाह इलाके के एक नाले से क्षत-विक्षत शव के टुकड़े बरामद हुए. शव का सिर, हाथ और पैर गायब थे.
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराई. जांच के दौरान शव के एक हिस्से पर ‘राहुल’ नाम का टैटू मिला. इसी टैटू के आधार पर पुलिस ने आसपास के इलाकों में लापता लोगों की जानकारी खंगाली, तो चंदौसी की रहने वाली रूबी द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की रिपोर्ट सामने आई.
इसके बाद पुलिस ने राहुल का मोबाइल नंबर खंगाला, जो 18 नवंबर से बंद मिला. शक के आधार पर रूबी को पूछताछ के लिए बुलाया गया. कड़ी पूछताछ में रूबी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर उसके प्रेमी गौरव को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि रूबी और गौरव ने मिलकर सोते समय राहुल की हथौड़े और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को ग्राइंडर मशीन से काटा गया. पहचान मिटाने के लिए सिर, हाथ और पैर गंगा में बहा दिए गए, जबकि बाकी शव नाले में फेंक दिया गया. लेकिन टैटू के कारण उनकी साजिश नाकाम हो गई.
पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई ने बताया कि दोनों आरोपियों को 20 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गौरतलब है कि यह मामला इसी साल मेरठ में हुए चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड की याद दिलाता है, जहां पत्नी और प्रेमी ने मिलकर हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश की थी. संभल की यह घटना एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती हिंसा और अपराध की गंभीर तस्वीर पेश करती है.