नेटवर्क की समस्या से क्षुब्ध महिला ने पीया जहर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
कोरबा । संवाददाता: इंटरनेट कनेक्टिविटी में बार-बार आ रही बाधा और मोबाइल टूट जाने से आहत कोरबा जिले की एक 52 वर्षीय महिला ने खौफनाक कदम उठा लिया. करताला थाना क्षेत्र के केराकाछार गांव की रहने वाली मंगलो बाई सारथी की सोमवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
परिजनों के अनुसार, महिला को अपने फोन पर लगातार रील्स और वीडियो देखने की आदत थी, लेकिन नेटवर्क न मिलने के कारण जब वीडियो बार-बार रुकने लगे तो उन्होंने गुस्से में आकर अपना फोन जमीन पर पटक दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया. इसके तुरंत बाद ही उन्होंने घर में रखा जहरीला कीटनाशक गटक लिया.
यह घटना शनिवार की है, जब मां की हालत बिगड़ते देख उनकी 17 वर्षीय बेटी ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचित किया.
परिजनों द्वारा महिला को आनन-फानन में करताला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए कोरबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.
दो दिनों तक चले इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है और इस अप्राकृतिक मृत्यु के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.