हाथी के हमले से महिला की मौत, वृद्ध घायल
हाथी के हमले से एक महिला की मौत हो गई, वहीं एक वृद्ध घायल हो गया है
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार की सुबह एक हाथी ने दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया. इस हमले में महिला की मौत हो गई. वहीं वृद्ध ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया.
बताया गया कि घायल ग्रामीण के दोनों पैर टूट गए हैं. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है. घटना रामानुजंगज वन परिक्षेत्र के चाकी गांव की है. ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार तड़के करीब तीन बचे राधिका मुइयां नाम की महिला शौच के लिए घर से बाहर निकली थी.
इसी दौरान एक दंतैल हाथी घर के पास पहुंच गया था. महिला अंधेरे में हाथी को नहीं देख सकी. अचानक महिला का सामना हाथी से होने से वह घबरा गई. इस बीच हाथी ने महिला को उठाकर पटक दिया, जिससे महिला की मौत हो गई.
इसके बाद हाथी गांव के अंदर घुस गया. जहां घर से बाहर सो रहे टिभाली सिंह को भी उठाकर पटक दिया. जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद भी वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहे.
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
वहीं मृत महिला का पोस्टमॉर्टम किया गया. वन विभाग ने तत्कालीन सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए की राशि परिजनों को दी है. वन विभाग के मुताबिक हाथी बीती रात करीब 9.30 बजे वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र से होकर बलरामपुर होते हुए चाकी पहुंचा था.
हाथी की मौजूदगी की मुनादी आसपास के गांवों में कराई गई है. इससे पहले कल बगरा सर्किल में भी हाथी ने दो घरों को भी नुकसान पहुंचाया है.