महिला पटवारी ने ली रिश्वत, तहसीलदार ने लौटाया, वीडियो वायरल
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा तहसील क्षेत्र में एक महिला पटवारी पर पट्टा बनाने के नाम पर ग्रामीणों से घूस लेने का आरोप लगाया गया है. पटवारी ने 4-5 ग्रमीणों से 7-7 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी.
इसकी शिकायत मिलने पर लोहंडीगुड़ा तहसीलदार ने पटवारी से रिश्वत का पैसा वापस लेकर पीड़ित ग्रामीणों को लौटा दिया है.
ग्रामीणों को पैसे लौटाते हुए तहसीलदार का कथित वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
दरअसल, लोहंडीगुड़ा ब्लॉक में पदस्थ पटवारी दीपशिखा ठाकुर पर आरोप है कि जमीन का पट्टा बनाने के नाम पर कुछ किसानों से 30 हजार रुपए की रिश्वत ली है.
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जनपद सदस्य से की. जिसके बाद जनपद सदस्य ने इसकी जानकारी तहसीलदार को दी.
साय सरकार का यही सुशासन-बैज
अब इस मामले ने राजनीतिक तुल पकड़ लिया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया में वीडियो साझा कर राज्य सरकार पर निशाना साधा है.
दीपक बैज ने लिखा है कि स्थानीय जनपद सदस्य की शिकायत के बाद तहसीलदार ने जरूर पटवारी से रिश्वत के पैसे वापस लेकर ग्रामीणों को वापस लौटाया है.
जनपद सदस्य और तहसीलदार बधाई के पात्र हैं. लेकिन पटवारी पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई है. विष्णुदेव साय सरकार का यही सुशासन है.
आखिर बस्तर के आदिवासी ग्रामीणों से कब तक यह लूट खसोट जारी रहेगी.
इस मामले में महिला पटवारी पर कार्रवाई को लेकर तहसीलदार ने लोहंडीगुड़ा एसडीएम के नाम जांच प्रतिवेदन भी दिया है.
अब तक पटवारी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ना ही पटवारी पर किसी तरह की कोई कार्रवाई की गई है.
1 लाख से अधिक रिश्वत लेने का आरोप
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के आरोप लगाया है कि पटवारी ने केवल चार से पांच ग्रामीणों से ही नहीं बल्कि क्षेत्र के 12 से 15 ग्रामीणों से करीब एक लाख रुपए से ज्यादा की रिश्वत ली है. पटवारी ने ग्रामीणों के खेत के नाप के लिए ग्रामीणों से 7-7 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी.
जबकि तहसीलदार ने अब तक चार से पांच ग्रामीणों के ही पैसे लौटाए हैं.
दीपक बैज का कहना है कि और भी कई ग्रामीण हैं, जिन्होंने पटवारी को रिश्वत दी है, उन्हें भी रुपए लौटाना चाहिए. उन्होंने कहा कि रिश्वत लेने के सबूत मिलने के बाद भी अब तक पटवारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है.