पेट्रोल के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स खत्म, डीजल और ATF पर भी कटौती लागू
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय बाजार की स्थितियों की समीक्षा के बाद घरेलू तेल कंपनियों को बड़ी राहत दी है. 15 अगस्त से प्रभावी नई दरों के तहत पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल गेन टैक्स (स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी) को पूरी तरह से हटाकर 'शून्य' कर दिया गया है. इससे पहले 3 अगस्त को हुई समीक्षा में पेट्रोल निर्यात पर 3.5 रुपये प्रति लीटर का शुल्क लागू था.
इसके अलावा सरकार ने डीजल और विमान ईंधन (ATF) के निर्यात पर भी कर की दरों में कटौती की है. डीजल के निर्यात पर शुल्क को 25.5 रुपये से घटाकर 24 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ के निर्यात पर इसे 22 रुपये से कम करके 19.5 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है.
वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह संशोधित दरें 15 अगस्त से लागू हो गई हैं. हालांकि, घरेलू खपत के लिए बेचे जाने वाले पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा शुल्क दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बाद सरकार ने मार्च में डीजल और एटीएफ के निर्यात पर पहली बार यह टैक्स लगाया था, जिसे बाद में मई से पेट्रोल पर भी लागू कर दिया गया था.
हर पखवाड़े समीक्षा किए जाने वाले इस विंडफॉल टैक्स का मुख्य उद्देश्य वैश्विक बाजार में ऊंचे दामों का फायदा उठाकर घरेलू तेल रिफाइनरियों द्वारा किए जाने वाले अत्यधिक निर्यात पर अंकुश लगाना था, ताकि देश के भीतर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके.