बांग्लादेश में भारी हिंसा, ढाका में अखबारों के दफ्तरों पर हमला
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश में युवा नेता और 'इंकलाब मंच' के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी के निधन के बाद राजधानी ढाका समेत कई शहर हिंसा की आग में झुलस रहे हैं. पिछले शुक्रवार को ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने हादी के सिर में गोली मार दी थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया था.
छह दिनों तक लाइफ सपोर्ट पर रहने के बाद गुरुवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया. उनकी मौत की खबर फैलते ही प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और 'प्रथम आलो' व 'डेली स्टार' जैसे बड़े समाचार पत्रों के कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की.
देश में बढ़ते तनाव को देखते हुए अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार और नोबेल विजेता मुहम्मद युनुस ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है. उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए शनिवार को राजकीय शोक की घोषणा की है.
युनुस ने भरोसा दिलाया है कि इस हमले की पारदर्शी जांच की जाएगी और दोषियों को सजा दी जाएगी. 12 फरवरी को होने वाले आम चुनावों से पहले हुई इस हिंसा ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
चटगाँव और अन्य शहरों में भी झड़पों की खबरें हैं, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है. यह अशांति ऐसे समय में बढ़ी है जब भारत-विरोधी प्रदर्शनों के कारण क्षेत्र में पहले से ही तनाव व्याप्त है.