राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' लोगों के दिलों को क्यों नहीं छू सका- शशि थरूर
मुंबई । डेस्क: मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा अपनी ही पार्टी के पुराने अभियान पर दिए गए बयान ने देश की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है. थरूर ने स्वीकार किया कि कांग्रेस और राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत जिन मुद्दों को उठाया था, वे जनता के बीच उस तरह का असर नहीं छोड़ सके, जैसा बाद में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में हुए आंदोलनों में देखने को मिला.
उनके इस आत्ममंथन वाले बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है, वहीं कांग्रेस के अंदरूनी खेमे से राहुल गांधी के बचाव में स्वर तेज हो गए हैं.
थरूर ने मुंबई में इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस (IIMUN) के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि कांग्रेस को यह समझने की जरूरत है कि आखिर उसका अभियान लोगों के दिलों को क्यों नहीं छू सका. उन्होंने कहा कि राजनीति में जनता की नब्ज पहचानना सबसे महत्वपूर्ण होता है.
थरूर की इस बात को लपकते हुए बिहार के सहकारिता मंत्री और बीजेपी नेता राम कृपाल यादव ने कहा कि शशि थरूर एक प्रबुद्ध नेता हैं और उन्होंने वही सच बयां किया है जो बीजेपी लंबे समय से कहती आ रही है कि कांग्रेस अब जनता का विश्वास खो चुकी है और हाशिए पर जा रही है.
दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने इस बयान पर राहुल गांधी का बचाव करते हुए थारूर के दृष्टिकोण को खारिज किया है. कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि राहुल गांधी राजनीति में नफा-नुकसान से परे जाकर युवाओं और छात्रों के भविष्य, जैसे कि पेपर लीक और परीक्षा प्रणालियों में सुधार के लिए निरंतर आवाज उठा रहे हैं.
वहीं, कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि राहुल गांधी लगातार कड़ी मेहनत कर रहे हैं और बाकी नेताओं को भी संगठन को मजबूत करने में अपना योगदान देना चाहिए. इस बीच, सीपीआई सांसद पी संतोष कुमार ने थरूर की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब छात्र आंदोलन खत्म हो चुका है और छात्र अपनी लड़ाई जीत चुके हैं, तब ऐसे बयान देने का कोई औचित्य नहीं रह जाता.