ओसामा पाकिस्तान में सुरक्षित क्यों था- जयशंकर
नई दिल्ली । डेस्क: ब्रसेल्स में भारत के विदेश मंत्री ने सवाल किया कि ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में सुरक्षित क्यों था. उनका इशारा पाकिस्तान के आतंकवाद का पनाहगार होने की ओर इशारा करता है.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पाकिस्तान के आतंकवादी संबंधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया को कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई को केवल दो पड़ोसी देशों का मुद्दा नहीं, बल्कि आतंकवाद बनाम भारत की लड़ाई के रूप में देखना चाहिये.
यूरोपीय समाचार वेबसाइट यूरैक्टिव के साथ बातचीत में जयशंकर ने यूरोप की बदलती भू-राजनीति और भविष्य में भारत-यूरोप संबंधों पर भी अपने विचार रखे.
भारत यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ एक मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहा है, ताकि रूस और चीन के बीच बढ़ते संबंधों के बीच अपनी साझेदारी को विविध किया जा सके.
जयशंकर का पलटवार
जयशंकर ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया की आलोचना करते हुये कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर को दो परमाणु-संपन्न देशों की "आंख-दांत" प्रतिक्रिया के रूप में पेश किया गया. उन्होंने कहा, "मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि एक व्यक्ति था-ओसामा बिन लादेन. आखिर वह पाकिस्तान के एक सैन्य शहर में, उनके वेस्ट पॉइंट जैसे संस्थान के पास, सालों तक सुरक्षित क्यों रहा?... मैं चाहता हूं कि दुनिया समझे-यह सिर्फ भारत-पाकिस्तान का मुद्दा नहीं है, यह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई है. और वही आतंकवाद एक दिन आप तक भी पहुंचेगा."
अमरीका और ट्रम्प के साथ संबंध
जयशंकर ने अमरीका के साथ बढ़ते संबंधों पर कहा कि भारत हर उस रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहता है जो उसके हित में हो. उन्होंने कहा, "हम दुनिया को जैसी है, वैसी ही स्वीकार करते हैं. हमारा लक्ष्य हर उस संबंध को मजबूत करना है जो हमारे हित में हो, और अमरीका के साथ संबंध हमारे लिये अहम हैं. यह किसी नेता या राष्ट्रपति विशेष के बारे में नहीं है."
जयशंकर ने यूरोपीय संघ के सामने भारत को एक विश्वसनीय आर्थिक साझेदार के रूप में पेश किया.
उन्होंने कहा, "मैंने कई यूरोपीय कंपनियों से मुलाकात की है जो अपने सप्लाई चेन के जोखिम को कम करने के लिये भारत में आई हैं. कई कंपनियां अब डेटा सुरक्षा को लेकर सजग हैं और वे इसे किसी भरोसेमंद जगह पर रखना चाहती हैं. क्या आप अपना डेटा उनके हाथों में देना चाहेंगे जिन पर आपको भरोसा नहीं?"
इस बयान के जरिए जयशंकर ने साफ इशारा किया कि भारत, चीन के मुकाबले यूरोप के लिए एक सुरक्षित और विश्वसनीय विकल्प है.