केजरीवाल-सिसोदिया के जेल में बिताए दिनों की जिम्मेदारी कौन लेगा- कपिल सिब्बल
नई दिल्ली । डेस्क: राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को मिली क्लीन चिट के बाद केंद्र सरकार की जवाबदेही पर कड़ा प्रहार किया है. शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिब्बल ने तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि अब सरकार को यह बताना चाहिए कि केजरीवाल ने जो 126 दिन और सिसोदिया ने जो 503 दिन जेल में बिताए, उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए कानून का 'हथियारीकरण' किया और बिना किसी ठोस सबूत के विपक्षी नेताओं को सलाखों के पीछे रखा.
सिब्बल ने केंद्र पर 'औपनिवेशिक मानसिकता' का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था में पहले गिरफ्तारी की जाती है और सबूत बाद में खोजे जाते हैं.
उन्होंने विशेष अदालत के उस फैसले का हवाला दिया जिसमें सीबीआई को फटकार लगाते हुए कहा गया था कि इस मामले में कोई 'आपराधिक मंशा' या 'साजिश' नहीं मिली.
सिब्बल ने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट को कानून में संशोधन का निर्देश देना चाहिए ताकि बिना दस्तावेजी साक्ष्यों के किसी की गिरफ्तारी न हो सके. उन्होंने चेतावनी दी कि विपक्ष को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का यह दुरुपयोग भारतीय लोकतंत्र के भविष्य के लिए एक खतरनाक संकेत है.