कोरबा के जंगल में कौन शिकार कर रहा है बाघ या तेंदुआ ?
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के जंगलों में इन दिनों एक रहस्यमयी और हिंसक वन्यजीव की धमक से भारी दहशत का माहौल है. महज तीन दिनों के भीतर इस शिकारी ने अलग-अलग इलाकों में एक बैल और एक भारी-भरकम भैंस को अपना निवाला बना लिया है. मवेशियों के लगातार हो रहे इन शिकारों के बाद स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर बहस छिड़ गई है कि हमलावर आखिर कौन है बाघ या तेंदुआ?
आमतौर पर तेंदुआ इतने बड़े मवेशियों पर लगातार हमला नहीं करता, इसलिए ग्रामीण यहां किसी बाघ की मौजूदगी की आशंका जता रहे हैं. हालांकि, वन विभाग अभी किसी जल्दबाजी में नहीं है और उसकी टीमें थर्मल कैमरों के जरिए असली शिकारी की पहचान करने में जुटी हैं.
यह खौफनाक सिलसिला 27 मई को पसरखेत वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोलगा परिसर से शुरू हुआ. यहां के कर्रानारा निवासी आमासो उरांव का बैल जब शाम तक चरकर वापस नहीं लौटा, तो खोजबीन शुरू हुई. अगले दिन कटंग नाला के पास बैल का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसके शरीर पर गहरे जख्म थे.
इसके ठीक तीन दिन बाद, यानी 30 मई को कोरबा वन परिक्षेत्र के कोरकोमा सर्किल में ऐसी ही दूसरी वारदात सामने आई. फिटकपारा की एक राइस मिल के पास जंगल की खाई में दुहन सिंह राठिया की लापता भैंस की लाश मिली. दोनों ही घटनाओं में वन्यजीव के हमले के तरीके ने वन अमले को भी हैरान कर दिया है.
इस दोहरे संकट को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. डीएफओ प्रेमलता यादव के कड़े रुख के बाद एसडीओ (दक्षिण) सूर्यकांत सोनी और एसडीओ (उत्तर) के नेतृत्व में प्रभावित संवेदनशील इलाकों में थर्मल कैमरे इंस्टॉल कर दिए गए हैं, ताकि रात के अंधेरे में शिकारी की हर हरकत को रिकॉर्ड किया जा सके.
इस बीच, विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों मृत मवेशियों का पोस्टमॉर्टम करवाकर पीड़ित पशुपालकों के लिए मुआवजा राशि की प्रक्रिया को भी तुरंत पूरा कर लिया है.
इस अनजाने खतरे का सीधा असर अब ग्रामीणों की आजीविका पर पड़ने लगा है. दहशत के कारण लोगों ने जंगलों की तरफ जाना बंद कर दिया है, जिससे तेंदूपत्ता और अन्य वनोपज का संग्रहण पूरी तरह ठप हो गया है.
वन अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मिले पगचिह्न (पगमार्क) तेंदुए की ओर इशारा कर रहे हैं, लेकिन जब तक थर्मल कैमरों में पुख्ता तस्वीरें कैद नहीं हो जातीं, तब तक आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. तब तक के लिए पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी रखा गया है. File Photo.