व्हाइट हाउस ने ट्रंप की पाक यात्रा का खंडन किया
नई दिल्ली । डेस्क: व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया, जिनमें अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पाकिस्तान यात्रा की बात कही गई थी. व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई यात्रा अभी तक निर्धारित नहीं की गई है.
व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा, "पाकिस्तान की यात्रा का कोई कार्यक्रम इस समय निर्धारित नहीं है." पाकिस्तानी समाचार चैनलों में प्रसारित कुछ खबरों में दावा किया गया था कि ट्रंप सितंबर में इस्लामाबाद का दौरा कर सकते हैं और इसके बाद भारत भी जा सकते हैं. हालांकि, बाद में इन चैनलों ने अपनी रिपोर्ट वापस ले ली.
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने 'डॉन' अखबार को बताया, "हमें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है." गौरतलब है कि आखिरी बार 2006 में तत्कालीन अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने पाकिस्तान का दौरा किया था.
इस बीच, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को ट्रंप की आगामी यात्राओं के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप 25 से 29 जुलाई तक स्कॉटलैंड का दौरा करेंगे, जहां वे टर्नबेरी और एबरडीन जाएंगे. इस दौरान वे ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ व्यापारिक समझौते पर चर्चा करेंगे.
लेविट ने आगे कहा कि ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया इस साल सितंबर में 17 से 19 तारीख तक यूनाइटेड किंगडम की आधिकारिक राजकीय यात्रा पर जायेंगे. इस दौरान वे विंडसर कैसल में महाराज चार्ल्स से मुलाकात करेंगे. यह ट्रंप की दूसरी राजकीय यात्रा होगी, जो एक अभूतपूर्व अवसर है.