टी-20 विश्वकप फाइनल में भारत से भिड़ना पड़ा तो क्या करेगा पाक?
नई दिल्ली । डेस्क: टी-20 विश्वकप में भारत–पाकिस्तान मुकाबले को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है. पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि उसकी टीम विश्वकप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगी. हालांकि आईसीसी का कहना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अब तक आधिकारिक तौर पर ऐसा कोई फैसला उसे नहीं बताया है.
इस फैसले के बाद बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि अगर भारत और पाकिस्तान टी-20 विश्वकप के फाइनल में आमने-सामने पहुंचते हैं, तो उस स्थिति में पाकिस्तान क्या करेगा? इस पर न तो पाकिस्तान सरकार और न ही पीसीबी की ओर से कोई स्पष्ट बयान आया है. यदि ऐसा हुआ तो यह स्थिति आईसीसी और पीसीबी दोनों के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकती है.
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी इस मुद्दे पर पाकिस्तान को चुनौती दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सवाल उठाते हुए लिखा कि अगर फाइनल में भारत–पाकिस्तान की भिड़ंत होती है, तो क्या पाकिस्तान तब भी मैच का बहिष्कार करने का साहस दिखा पाएगा?
इस बीच आईसीसी ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है. विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा है कि वह देशों की राष्ट्रीय नीतियों का सम्मान करती है, लेकिन पाकिस्तान का यह रुख विश्व क्रिकेट के हितों के खिलाफ है. आईसीसी ने उम्मीद जताई है कि पीसीबी अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा, क्योंकि इसका असर विश्व क्रिकेट के पूरे ढांचे पर पड़ सकता है.
आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि ‘चुनिंदा मैच खेलने’ का सिद्धांत अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मूल भावना के विपरीत है, जहां सभी योग्य टीमों से तय कार्यक्रम के अनुसार समान शर्तों पर खेलने की अपेक्षा की जाती है.
वहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने आईसीसी के रुख पर पलटवार करते हुए दावा किया है कि पाकिस्तान के फैसले से आईसीसी दबाव में है. उनका कहना है कि भारत–पाक मैच विश्वकप का सबसे बड़ा आकर्षण होता है और पाकिस्तान किसी प्रतिबंध से नहीं डरता. लतीफ ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में भी पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैचों का बहिष्कार कर सकता है.
फिलहाल सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में पाकिस्तान सरकार, पीसीबी और आईसीसी इस विवाद का क्या समाधान निकालते हैं और अगर फाइनल में भारत–पाकिस्तान आमने-सामने होते हैं, तो पाकिस्तान का अगला कदम क्या होगा.