पश्चिम बंगाल में SIR से किसे ज्यादा नुकसान, BJP या TMC को ?
बिलासपुर । प्रसेनजीत घोष: पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस समय 'विशेष गहन संशोधन' (SIR) यानी मतदाता सूची के शुद्धिकरण ने एक नया भूचाल ला दिया है. चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया के बाद राज्य के चुनावी समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आ रहे हैं. इस संशोधन के तहत मतदाता सूची से हटाए गए नामों की संख्या कई विधानसभा क्षेत्रों में जीत-हार के अंतर से भी कहीं अधिक है, जो राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्य विपक्षी दल भाजपा (BJP) दोनों के लिए सिरदर्द बन सकता है.
आंकड़ों का विश्लेषण करें तो साफ है कि अगर इन हटाए गए वोटों का एक बड़ा हिस्सा किसी एक दल का कोर वोटर रहा होगा, तो आने वाले चुनावों में उसका गणित पूरी तरह बिगड़ सकता है.
तृणमूल कांग्रेस के नजरिए से देखें तो आंकड़े काफी चिंताजनक हैं. 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी ने जिन 43 सीटों पर 10,000 से 50,000 के अंतर से जीत दर्ज की थी, उनमें से 41 सीटों पर हटाए गए मतदाताओं की संख्या जीत के अंतर से ज्यादा है.
कोलकाता की 11 में से 7 महत्वपूर्ण सीटों पर यही स्थिति है, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अपना निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर भी शामिल है. भवानीपुर में जहां शोभनदेब चट्टोपाध्याय की जीत का अंतर लगभग 28,719 वोट था, वहीं वहां से 48,000 से अधिक मतदाता सूची से बाहर हो चुके हैं.
इसके अलावा, जिन 40 सीटों पर टीएमसी की जीत का अंतर 10,000 से कम था, वहां स्थिति और भी नाजुक है. सबांग और पटाशपुर को छोड़कर बाकी सभी 38 सीटों पर SIR के तहत की गई कटौती जीत के अंतर को पार कर गई है.
उदाहरण के तौर पर दांतन में जीत महज 623 वोटों की थी, जबकि 11,000 से ज्यादा नाम हटाए गए हैं. जलपाईगुड़ी में 941 की जीत के मुकाबले 16,000 वोट कम हुए हैं. इस लिहाज से टीएमसी को लगभग 79 सीटों पर सीधे तौर पर 'वोट बैंक' के समीकरण बिगड़ने का खतरा है.
दूसरी तरफ, भाजपा भी इस प्रक्रिया से अछूती नहीं है. 2021 में भाजपा ने जो 77 सीटें जीती थीं, उनमें से 29 सीटें ऐसी थीं जहां जीत का अंतर 10,000 से कम था. इन सभी 29 सीटों पर अब हटाए गए मतदाताओं की संख्या जीत के अंतर से कहीं अधिक हो चुकी है.
यानी अगर ये हटाए गए वोटर भाजपा समर्थक निकले, तो इन 29 सीटों को दोबारा जीतना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगा.
हालांकि, भाजपा नेता इस प्रक्रिया को लेकर उत्साहित हैं और इसे 'चुनावी कचरे की सफाई' करार दे रहे हैं. उनका मानना है कि सत्ताधारी दल मृत या फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव मैनेज करता था, जो अब संभव नहीं होगा. भाजपा का दावा है कि इसका सबसे बड़ा नुकसान टीएमसी को ही होगा.
ममता बनर्जी ने इस मुद्दे को भावनात्मक और राजनीतिक रंग देते हुए सीधे केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने हटाए गए मतदाताओं की संख्या लगभग 90 लाख बताते हुए इसे नागरिकों के अधिकारों पर हमला करार दिया है.
टीएमसी का तर्क है कि हटाए गए नामों में बड़ी संख्या हिंदुओं की भी है, जिससे भाजपा का यह भ्रम टूटेगा कि उसे केवल फायदा हो रहा है. राज्य में कुल 60.06 लाख नामों की जांच के बाद लगभग 27.16 लाख नाम आधिकारिक तौर पर हटाए गए हैं, जबकि पूरी प्रक्रिया में कुल कटौती का आंकड़ा 91 लाख के करीब बताया जा रहा है.
कुल मिलाकर, पश्चिम बंगाल की कम से कम 108 सीटों (79 टीएमसी और 29 भाजपा) पर जीत-हार का नया आधार अब यह नई मतदाता सूची ही तय करेगी. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि किसका जमीनी संगठन इन 'गायब' हुए वोटों की भरपाई कर पाता है. (प्रसेनजीत घोष, छत्तीसगढ़ सेल्स प्रमोशन इम्प्लाईज यूनियन के उपाध्यक्ष है.)