पश्चिम बंगाल: शुभेंदु अधिकारी का दावा भाजपा 177 सीटें जीतेगी
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के नजदीक आते ही राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर पहुंच गया है. वरिष्ठ भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य की मतदाता सूची में चल रहे SIR के दौरान लगभग 79 लाख "फर्जी" मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं.
अधिकारी का मानना है कि इन नामों के हटने से आगामी चुनावों में तृणमूल कांग्रेस का खेल बिगड़ जाएगा और भाजपा आसानी से 177 से अधिक सीटें जीतकर राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी.
पूर्व मेदिनीपुर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में मतदाता सूची से हटाए गए नामों की तुलना भोजन के समय से करते हुए कहा, "नाश्ते के दौरान 58 लाख नाम हटाए गए, दोपहर के भोजन के वक्त 7 लाख और शाम की चाय तक 14 लाख और नाम साफ हो गए. अभी रात का खाना परोसा जाना बाकी है."
अधिकारी ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल हमेशा से फर्जी मतदाताओं के भरोसे चुनाव जीतता आया है और इनमें से 90 प्रतिशत फर्जी वोटर टीएमसी के पक्ष में मतदान करते थे.
अधिकारी ने राज्य के जनसांख्यिकीय बदलावों का मुद्दा भी उठाया और दावा किया कि 1951 की जनगणना में हिंदू आबादी 85 प्रतिशत थी, जो अब गिरकर 65 प्रतिशत से नीचे आ गई है.
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और चुनाव को 'राष्ट्रवादी और सनातनी सरकार' बनाने की लड़ाई करार दिया. कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने रणनीति साझा की और उनसे अपील की कि वे 'सनातन बूथों' पर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें.
भाजपा नेता ने वादा किया कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा राज्य की सत्ता में आती है, तो पश्चिम बंगाल में तुरंत आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना लागू की जाएगी. साथ ही, उन्होंने महिलाओं को 3,000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता देने और राज्य के युवाओं के लिए मेरिट के आधार पर 6 लाख सरकारी नौकरियां सृजित करने का संकल्प भी दोहराया.
शुभेंदु अधिकारी ने कार्यकर्ताओं से राम नवमी पर राज्य में 'पोरिवर्तन' (परिवर्तन) लाने की शपथ लेने का आह्वान किया और भरोसा जताया कि 4 मई को चुनाव परिणामों में भाजपा की भारी बढ़त पूरी दुनिया देखेगी.