पश्चिम बंगाल SIR : 63% हिंदू तथा 34% मुस्लिम मतदाता हटाए गए
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग द्वारा चलाए गए विशेष गहन संशोधन (SIR) अभियान के बाद राज्य की राजनीति में नया मोड़ आ गया है. मतदाता सूची के हालिया शुद्धिकरण के दौरान कुल 90 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिनका बूथ स्तर पर विश्लेषण करने पर विलोपन दर में भारी असंतुलन देखने को मिला है.
आंकड़ों के अनुसार, हटाए गए कुल नामों में से 57.47 लाख यानी 63 प्रतिशत हिंदू मतदाता हैं, जबकि 31.1 लाख यानी 34 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता शामिल हैं.
यह डेटा इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 2011 की जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में मुस्लिम आबादी लगभग 27 प्रतिशत है, लेकिन मतदाता सूची से उनके नाम हटने की दर 34 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो उनकी जनसंख्या हिस्सेदारी के मुकाबले काफी अधिक है.
जानकारों का मानना है कि यह विसंगति चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है.
दूसरी ओर, यद्यपि संख्या के मामले में सबसे अधिक नाम हिंदुओं के कटे हैं, लेकिन इसमें एक खास पैटर्न देखा गया है.
विशेषकर सीमावर्ती जिलों और मतुआ समुदाय के प्रभुत्व वाले निर्वाचन क्षेत्रों में हिंदू मतदाताओं के नाम बड़े पैमाने पर हटाए गए हैं, जिसने प्रशासनिक पारदर्शिता पर नई बहस छेड़ दी है.
गहन संशोधन की इस प्रक्रिया ने जहां एक ओर सूची को त्रुटिहीन बनाने का दावा किया है, वहीं दूसरी ओर समुदायों के बीच इस असमान डेटा ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है.
आने वाले समय में इन आंकड़ों का प्रभाव राज्य की चुनावी दिशा और नागरिकता जैसे संवेदनशील मुद्दों पर पड़ना तय माना जा रहा है.