पश्चिम बंगाल: 252 मदरसों को बंद करने का आदेश, 100 अन्य को शो-कॉज
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल सरकार ने बुनियादी ढांचे की कमी और जरूरी मंजूरियां न होने के कारण राज्य के 252 मदरसों को तुरंत बंद करने का सख्त निर्देश दिया है. इसके अलावा, नियमों का पालन न करने वाले लगभग 100 अन्य मदरसों को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है.
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री क्षुदिराम टुडू के अनुसार, यह कार्रवाई पूरे राज्य में जून महीने से चलाए गए गहन सर्वेक्षण के बाद की गई है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देशों पर हुए इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य अधिकृत और अनधिकृत मदरसों की पहचान करना तथा उनकी व्यवस्थाओं का आकलन करना था.
प्रशासन की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए राज्य के पंचायती राज मंत्री दिलीप घोष ने स्पष्ट किया कि कानून के दायरे और सरकारी अनुमति से चलने वाले मदरसों पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन बिना नियम-कायदों के शिक्षण संस्थान चलाने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी.
उन्होंने सुरक्षा चिंताओं और कुछ संस्थाओं से जुड़ी शिकायतों का हवाला देते हुए इस कदम को राज्य की व्यवस्था सुधारने के लिए जरूरी बताया. दूसरी तरफ, विपक्ष के तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष ने इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ अव्यवस्थाओं के आधार पर सभी मदरसों को एक ही नजरिए से देखना उचित नहीं है. Symbolic Photo.