पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘अब खेला खत्म, विकास शुरू’- योगी आदित्यनाथ
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में धार देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बांकुड़ा के पात्रसायर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित इस सभा में योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस के प्रसिद्ध नारे ‘खेला होबे’ पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अब बंगाल में अराजकता का खेल खत्म होने वाला है और विकास का नया अध्याय शुरू होगा.
योगी आदित्यनाथ ने बांकुड़ा की तीन विधानसभा सीटों सोनमुखी, इंदास और बड़जोड़ा के भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगते हुए उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल को सामने रखा.
उन्होंने दावा किया कि जो स्थिति आठ-नौ साल पहले उत्तर प्रदेश की थी, आज वही बंगाल की हो गई है.
योगी ने कहा, "2017 से पहले यूपी में दंगे, गुंडागर्दी और महीनों तक कर्फ्यू का माहौल रहता था. लेकिन डबल इंजन की सरकार आने के बाद आज वहां माफिया या तो जेल में हैं या नरक सिधार गए हैं. बंगाल में भी अब 'तुष्टीकरण' नहीं, बल्कि नागरिकों की 'संतुष्टि' की राजनीति होगी."
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में बंगाल की गौरवशाली विरासत को याद किया. उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर, सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसी विभूतियों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस मिट्टी ने देश को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दिया, उसे पहले कांग्रेस, फिर वामपंथियों और अब टीएमसी ने लूट और भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि एक समय देश की जीडीपी में बड़ा योगदान देने वाला बंगाल आज अराजकता और बेरोजगारी से जूझ रहा है.
किसानों का मुद्दा उठाते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बंगाल के आलू किसानों को अपनी फसल 1-2 रुपये किलो में बेचनी पड़ रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में किसानों को 15-16 रुपये प्रति किलो का भाव मिल रहा है.
उन्होंने यूपी की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि वहां पिछले कुछ वर्षों में 9 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं और निजी क्षेत्र में 3 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है. उन्होंने वादा किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही आयुष्मान भारत और पीएम आवास जैसी योजनाओं का लाभ हर गरीब तक पहुंचेगा.
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण के अंत में जोर देकर कहा कि बंगाल अब और चुप नहीं रहेगा. उन्होंने जनता से आह्वान किया कि इस बार भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा को चुनना अनिवार्य है.