पश्चिम बंगाल चुनाव: लक्ष्मी भंडार बनाम आरजी कर में उलझा समीकरण
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद सियासी गलियारों में आंकड़ों का गणित तेज हो गया है. इस बार के चुनाव में सबसे अधिक चर्चा का केंद्र 'साइलेंट वोटर' यानी महिलाएं बनी हुई हैं. मतदान केंद्रों पर महिलाओं की रिकॉर्ड तोड़ कतारों ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा दोनों के भीतर बेचैनी और उम्मीदें पैदा कर दी हैं.
तृणमूल कांग्रेस के आंतरिक सूत्रों की मानें तो पार्टी इस बात का विश्लेषण कर रही है कि भारी संख्या में निकली ये महिलाएं 'लक्ष्मी भंडार' योजना के प्रति आभार जताने आई थीं या फिर 'आरजी कर' कांड के बाद उपजे 'रात दखल' (सड़कों पर उतरने) वाले गुस्से ने उन्हें मतदान केंद्र तक खींचा है.
पिछले 17 वर्षों से ममता बनर्जी के लिए महिलाएं और मुस्लिम मतदाता सबसे मजबूत स्तंभ रहे हैं, जिन्हें 'डबल एम' समीकरण कहा जाता है. हालांकि, इस बार चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों से पहले जो रुझान सामने आए हैं, उनमें महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों की तुलना में लगभग दो प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान है.
तृणमूल कांग्रेस के भीतर एक खेमा आश्वस्त है कि आरजी कर कांड का प्रभाव केवल शहरी क्षेत्रों और कोलकाता तक सीमित था, जबकि ग्रामीण बंगाल में अभी भी ममता बनर्जी ही महिलाओं के लिए एकमात्र 'मसीहा' हैं. पार्टी का तर्क है कि वामपंथी झुकाव वाली महिलाओं ने भले ही सड़कों पर प्रदर्शन किया हो, लेकिन वे भाजपा को वोट नहीं देंगी.
वहीं, मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य का मानना है कि महिलाओं ने न केवल योजनाओं के पक्ष में, बल्कि एनआरसी और नागरिकता के मुद्दों पर भी बढ़-चढ़कर मतदान किया है.
दूसरी ओर, पार्टी के कुछ नेता इस बात को लेकर भी आशंकित हैं कि क्या ध्रुवीकरण की राजनीति के कारण हिंदू महिलाओं के वोट में सेंध लगी है. खासकर मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जैसे जिलों में मुस्लिम महिला मतदाताओं का रुझान तृणमूल की ओर रहने की उम्मीद है, लेकिन हिंदू बहुल इलाकों में भाजपा की रणनीति कितनी सफल रही, यह आने वाला समय ही बताएगा.
फिलहाल, ममता बनर्जी की पार्टी इस उम्मीद में है कि 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह ही इस बार भी आधी आबादी का भरोसा उनकी 'दीदी' पर बना रहेगा, जबकि विपक्ष को लगता है कि सत्ता विरोधी लहर और सुरक्षा के मुद्दे ने पासा पलट दिया है. बंगाल की राजनीति का यह महिला-केंद्रित अध्याय अब 4 मई के नतीजों के साथ ही स्पष्ट हो पाएगा. File Photo