बांग्लादेश से लौटीं प. बंगाल की सोनाली बीबी
कोलकाता । डेस्क: लंबे कानूनी संघर्ष के बाद पश्चिम बंगाल की रहने वाली सोनाली बीबी आखिरकार शुक्रवार शाम को अपने 8 साल के बेटे के साथ भारत लौट आईं. मालदा सीमा के रास्ते देश में प्रवेश करने वाली इस महिला को बीएसएफ कैंप ले जाया गया, जहां से स्वास्थ्य जांच के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. हालांकि, उनकी खुशी अधूरी है क्योंकि परिवार के चार अन्य सदस्य पति दानिश शेख, स्वीटी बीबी और दो नाबालिग बच्चे अभी भी बांग्लादेश में हिरासत में हैं.
तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर परिवार के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है.
सोनाली बीबी बुर्का और गुलाबी दुपट्टे में सूर्यास्त के समय मालदा सीमा पार कर भारत में कदम रखा. उनके बेटे ने मां का हाथ थाम रखा था, जबकि प्रशासनिक अधिकारी उन्हें घेरे हुए थे.
सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के बाद यह वापसी संभव हुई, जिसमें कोर्ट ने न केवल सोनाली और उनके बेटे को भारत लाने का निर्देश दिया, बल्कि उनकी चिकित्सा व्यवस्था का भी आदेश दिया. कोर्ट ने केंद्र की नागरिकता सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए.
घटना की पृष्ठभूमि जून 2025 की है, जब सोनाली सहित छह लोगों को 'बांग्लादेशी घुसपैठिए' के संदेह में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उन्हें 'पुश बैक' के दौरान बांग्लादेश धकेल दिया गया. 20 अगस्त को चंपाइनवाबगंज में स्थानीय पुलिस ने उन्हें फिर पकड़ा और सुधार गृह भेज दिया.
सोनाली की गर्भावस्था को लेकर चिंता बढ़ी तो 26 सितंबर को कलकत्ता हाईकोर्ट ने चार सप्ताह में उन्हें भारत लाने का आदेश दिया. केंद्र ने इसे मानने से इनकार किया, जिसके बाद हाईकोर्ट ने अवमानना का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया. केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की, लेकिन बुधवार को शीर्ष अदालत ने केंद्र को सोनाली को तुरंत लाने का आदेश दिया.
टीएमसी की मालदा जिला परिषद अध्यक्ष लिपिका वर्मन घोष ने घटनास्थल पर पहुंचकर डिप्टी हाई कमिश्नर से चार अन्य सदस्यों की रिहाई पूछी, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. घोष ने कहा, "केंद्र ने हमारे दो नागरिकों को छोड़ा, लेकिन बाकी चार को क्यों नहीं? जब साबित हो गया कि वे बीरभूम जिले के भारतीय हैं, तो पूरे परिवार को क्यों नहीं लौटाया गया? यह केंद्र की बेईमानी है."
टीएमसी के राज्यसभा सांसद समीरुल इस्लाम, जो राज्य के प्रवासी श्रमिक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन भी हैं, ने इस लड़ाई को लड़ा. उन्होंने कहा, "सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बावजूद केंद्र ने पिछले दो दिनों में कोई कदम नहीं उठाया. आज हमारे वकीलों ने अदालत में फिर मामला उठाया, तभी सोनाली को लाया जा सका. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुरू से अंत तक गरीब परिवार के साथ खड़े होकर कानूनी मदद दी. सभी का आभार."
सोनाली की शारीरिक स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है, और डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत भर्ती करने का सुझाव दिया. टीएमसी ने केंद्र से परिवार के शेष सदस्यों को एक साथ लाने की मांग दोहराई है, ताकि यह दर्दनाक अलगाव समाप्त हो सके. राज्य सरकार ने सोनाली के पुनर्वास की पूरी व्यवस्था का भरोसा दिलाया है.